प्रदेश के श्रम राज्यमंत्री जगदेव प्रसाद ने कहा है कि श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए श्रमिक केंद्रीय सन्निर्माण एवं कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण जरूर कराएं। रविवार को श्रम राज्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के लिए हरदोई से बरेली जाते समय पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नीतू सिंह के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में मजदूरों को सलाह दी।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिला स्तर पर विभागीय योजनाओं की प्रगति समीक्षा की जा रही है। हरदोई में हुई समीक्षा बैठक में भी श्रमिक प्र्रतिनिधियों से आग्रह किया कि भवन निर्माण और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को लाभ दिलाने के लिए करीब दो दर्जन योजनाएं लागू की गई हैं।
श्रम राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों में शामिल श्रमिकों के आर्थिक उत्थान को जी जान से जुटी है। इसीलिए प्रदेश में श्रमिक कल्याण के लिए करीब दो दर्जन योजनाएं लागू की गई है। एक बार रजिस्ट्रेशन कराने के बाद जन्म से लेकर मृत्यु तक सरकार विभिन्न योजनाओं में श्रमिकों को आर्थिक मदद दे रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से जिले में पंजीकृत श्रमिकों को दो हजार साइकिलें बांटने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए अधिकाधिक रजिस्ट्रेशन कराने को ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर लगाने का अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
एमएलसी चुनाव में पार्टी की स्थिति पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सपा सरकार की कथनी -करनी में एकरूपता और पिछले तीन सालों में सभी चुनावी वायदे पूरे हो जाने से लोगों का सपा की ओर तेजी से रुझान बढ़ा है। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि सपा प्रत्याशी अमित यादव रिंकू की जीत तय है। इससे पूर्व, श्रम राज्यमंत्री ने अपने निकट संबंधी विधायक राजेश यादव के आवास पर पहुंचकर परिवार की कुशलक्षेम पूछी। पत्रकार वार्ता में सपा के वरिष्ठ नेता उपेंद्र पाल सिंह, हरिओम सिंह यादव, मनोज पाल, सुरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।