कलक्ट्रेट में दिया धरना, डीएम को बताई समस्याएं
डीएम ने किया कोटा दुकानों की जांच को आश्वस्त
सस्ती दरों पर राशन वितरण में गड़बड़ी, पीडीएस सिस्टम में कोटेदारों की मनमानी और राशन कार्ड के ऑनलाइन आवेदनों का निस्तारण नहीं किए जाने के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर धरना दिया। डीएम पुष्पा सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं को राशन वितरण नहीं करने वाले कोटेदारों के विरुद्ध जांच कराकर उनके खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन दिया।
धरना स्थल पर प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं की अगुवाई करते हुए भाजपा के नगर अध्यक्ष अनिल वाजपेयी बाण ने कहा कि जिले मेें राशन वितरण व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद सैकड़ों राशनकार्ड धारक उचित दर पर खाद्यान्न, चीनी, केरोसिस आदि हासिल करने के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई न तो कोटेदार कर रहे और न ही अधिकारी।
धरना देने के बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए अपनी बात कहनेे के लिए जिलाधिकारी कक्ष की ओर बढ़े, लेकिन उनका शोर सुनकर डीएम पुष्पा सिंह स्वयं अपने कार्यालय से बाहर आ गईं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर विभिन्न संगठनों के धरना-प्रदर्शन का संज्ञान लेते हुए शहरी क्षेत्र के राशन कार्डों का दोबारा सत्यापन कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि राशन कार्ड आवेदनों के सत्यापन को डीएसओ के नेतृत्व में गठित टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर सभी पात्र गृहस्थी परिवारों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम का लाभ दिलाया जाएगा।
डीएम ने यह भी कहा कि राशन वितरण में जानबूझकर लापरवाही बरतने वाले उचित दर विक्रेताओें के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। धरना-प्रदर्शन में वेद प्रकाश मौर्य, संजय गुप्ता, अरुण शुक्ला, दिवाकर मिश्रा, अनूप गुप्ता, रामससनेही राठौर, सत्यम शर्मा, मुकेश राठौर, मुरलीधर भोजवाल, सुखलाल, सुरेश चंद्र गुप्ता, अमित राठौर, चंद्र प्रकाश, शैलेंद्र मिश्रा, सुनील सैनी आदि शामिल रहे।