फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता का वीडियो वायरल, पुलिस पर धमकाने का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
पुवायां। सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता और उसकी मां ने बंडा पुलिस पर आरोपियों के पक्ष में बयान देने के लिए धमकाने का आरोप लगाते हुए राज्य महिला आयोग, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, एसपी और सीओ को पत्र भेजा है। पीड़िता का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रही है।
विज्ञापन

बंडा के एक गांव की किशोरी की मां ने गांव के ही दो युवकों पर 16 वर्षीय पुत्री से दुष्कर्म करने और बाद में वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कर महिला को थाने से भगा दिया था। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने पर सात जुलाई की रात पौने नौ बजे रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आठ जुलाई को पुलिस ने दोनो आरोपियों को पकड़ लिया था और किशोरी को बयान दर्ज कराने के लिए बंडा थाने बुलाया था।
किशोरी का आरोप है कि दो महिला और एक पुरुष सिपाही उसे धमकाते रहे और कहते रहे कि युवक बेकसूर हैं, वह खुद ही युवकों से मिलने गई थी। धमकी दी गई कि पिटाई होने पर सच बोलने लगोगी। पुलिस पर धमकाने का आरोप लगाते हुए पीड़िता का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
विज्ञापन

पीड़िता की मां ने अधिकारियों को भेजे पत्र में आरोप लगाया कि आठ जुलाई को उनकी पुत्री को बयान के लिए थाने बुलाया गया। उनको पुत्री के साथ नहीं रहने दिया गया और लड़की को थाने के एक कमरे में महिला पुलिसकर्मी अकेले में ले गईं। इस दौरान थाने में एक आरोपी की मां कुर्सी पर बैठी रही और आरोपी थाने में टहलते रहे। इस दौरान लड़की को धमकाया गया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पुलिस से कहा कि पुत्री के बयान उनके सामने लिए जाएं तो उनको भी धमकाया गया।
महिला ने पुत्री के बयान किसी और थाने में कराने की मांग की है। बंडा पुलिस ने कहा कि महिला झूठ बोल रही है। आरोपी आठ जुलाई को ही गिरफ्तार कर लिए गए थे।
बंडा पुलिस पर घर में घुसकर अभद्रता का आरोप
बंडा। क्षेत्र की एक महिला ने बंडा थाने में तैनात दो सिपाहियों पर अभद्रता और गाली गलौज करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बंडा के एक मोहल्ला निवासी महिला का आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम साढ़े छह बजे बंडा थाने के दो सिपाही समन तामील कराने के लिए उसके घर पहुंचे। सिपाहियों के पहुंचने के समय वह स्नान कर रही थी। सिपाही जबरिया घर में घुस आए और उसकी पुत्रवधु से गाली गलौज करने लगे। पुत्रवधु के आवाज देने पर वह आई तो सिपाहियों ने उनसे भी अभद्रता की। महिला ने तहरीर देकर सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद
जेल गए दुष्कर्म के आरोपी
पुवायां। बंडा पुलिस ने महिला और किशोरी के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से एक आरोपी को जेल भेज दिया गया है। दूसरा आरोपी नाबालिग होने के कारण बरेली के किशोर सदन भेजा गया है। किशोरी के बयान दर्ज कर उसे भी मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जा चुका है। मेडिकल के बाद किशोरी के कोर्ट में बयान होंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद
दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई की है। आरोपी पकड़े जा चुके हैं। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। वायरल वीडियो के बारे में जांच कराई जाएगी। - संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी, ग्रामीण
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें