जिला सहकारी बैंक के अटल नमो सभागार में जानकारी देते चेयरमैन डीपीएस राठौर। संवाद
शाहजहांपुर। प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को गति प्रदान करने व किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सहकारिता विभाग ने एक महीने का अभियान चलाकर 100000 सदस्य बनाए जाने का लक्ष्य दिया गया। जिले ने 53 हजार सदस्य बनाते हुए 102.00 लाख की अंशपूंजी हासिल की। प्रदेश में शाहजहांपुर अव्वल रहा है।
जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन डीपीएस राठौर ने बताया कि अभियान के अंतिम दिवस समितियों ने 11277 सदस्य बनाए। इसमें एक हजार से अधिक सदस्य बनाने वाली समितियों में प्रथम स्थान पर मदनापुर ब्लॉक की समिति बरीखास रही। समिति ने 1353 सदस्यों के साथ 1.67 लाख की अंशपूंजी हासिल की है।
इसी तरह ददरौल ब्लॉक की समिति पिंगरी पिंगरा, चांदापुर, दियूरिया गुटईया, मौजमपुर ने टॉप फाइव में स्थान पाया। प्रदेश स्तर पर जनपद शाहजहांपुर ने 52785 सदस्य के साथ प्रथम स्थान पाया। डीपीएस राठौर ने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वालीं समितियों को सम्मानित किया जाएगा।
सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि एम पैक्स सदस्यता महाभियान की अवधि को 31 अक्तूबर तक बढ़ा दिया गया है। इस मौके पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अखिलेश प्रताप सिंह, सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला सहकारी बैंक सौरभ द्विवेदी, आनंद श्रीवास्तव, उपमहाप्रबंधक राजेश कुशवाहा, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक पूर्णिमा, सिम्पल यादव मौजूद रहे।