शाहजहांपुर। जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में शाहजहांपुर को प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल हुआ है। पिछले महीने जिला सातवें नंबर पर था। तीन दिन के अंदर संबंधित अधिकारी को पहुंचने वाली शिकायत को एक दिन में ही पहुंचाने की व्यवस्था से रैंकिंग में सुधार आया है।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि से जनसुनवाई में जिले की रैंकिंग में सुधार आया है। शनिवार को शासन की ओर से जारी की गई सूची में जिला सातवें स्थान से दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। पहले नंबर पर कुशीनगर है। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनसुनवाई में तीन बातें महत्वपूर्ण हैं। प्राप्त शिकायत को संबंधित अधिकारी तक तीन दिन में पहुंचाना होता है। इसमें यह सुधार किया गया है कि संबंधित अधिकारी को जांच के लिए एक दिन में ही शिकायत भेजी जा रही है। दूसरा 15 दिन के अंदर संबंधित अधिकारी को समस्या का निस्तारण करके सीएम पोर्टल में अपलोड करना होता है। इसमें भी काफी सुधार आया है। इसके साथ ही सीएम कार्यालय द्वारा शिकायतकर्ता से उसकी संतुष्टि के बारे में पूछा जाता है। इसमें भी फीडबैक अच्छा रहा है। लोग शिकायतों के निस्तारण से संतुष्ट हैं। इन्हीं वजहों से रैंकिंग में सुधार आया है। डीएम ने कहा कि प्रयास रहेगा कि अगले महीने जिला जनसुनवाई के निस्तारण में प्रथम स्थान पर आए।