रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व बाजार काफी गुलजार रहा। राखी की दुकानों पर खूब भीड़ रही ही। साथ ही उपहार, मिठाई, ब्यूटी पार्लर, रेडीमेड, साड़ी की दुकानें भी लगभग फुल ही थीं।
भाइयों की कलाई पर कौन सी राखी अच्छी लगेगी, कौन सी मिठाई भाई को पसंद है, ऐसे तमाम भावात्मक विचारों को मन में संजोए महिलाएं राखी की दुकानों पर दिनभर उमड़ती रहीं। बच्चों के लिए खिलौनों वाली राखियों की बिक्री भी जमकर हुई। बहादुरगंज, सदर बाजार समेत अन्य मार्केट में तथा फुटपाथ पर सजी दुकानों पर राखी खरीदनें वालों की भीड़ जुटी रही। वहीं मंडी मोड़ स्थित बाबूराम विजय कुमार गोटेवाले की दुकान पर गजब की भीड़ देखी गई। यहां कीमती राखियां खरीदने को महिलाएं जुटी रहीं। राखी की दुकानें लाइटों से जगमगा रही हैं।
वहीं, बहनों को उपहार देने के लिए रेडीमेड और साड़ियों की दुकानों और ब्यूटीपार्लर में मेंहदी लगवाने को महिलाएं जुटी रहीं। बच्चों के लिए चाकलेट और मन पसंद की मिठाई लेने को दुकानों पर भीड़ रही। कुल मिलाकर बाजार में शुक्रवार को खूब रौनक रही।