सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में संयुक्त सचिव पद के लिए सोमवार को दोबारा मतगणना कराई गई। तीन पदों के लिए हुए चुनाव में 626 वोट पाने वाले राकेश शुक्ला, 487 मत हासिल करने वाले अजय त्रिपाठी और 476 वोट हासिल करने मलखान विजयी घोषित किए गए।
बता दें कि शनिवार को हुए बार एसोसिएशन के चुनाव में राकेश शुक्ल और अजय त्रिपाठी को उसी दिन विजयी घोषित कर दिया गया था, लेकिन मलखान और संतरा देवी कुशवाहा को समान वोट मिलने के कारण दोबारा मतगणना कराने का निर्णय लिया गया था। चुनाव अधिकारी उमेश चंद्र सिंह की उपस्थित में सोमवार दोपहर करीब दो बजे दोबारा मतगणना कराई गई। इसमें शुक्ला को 626, त्रिपाठी को 487 और मलखान को 476 वोट प्राप्त हुए। पुनर्मतगणना में संतरा देवी को 466 वोट मिले। 16 मत निरस्त हुए।
इस दौरान सहायक चुनाव अधिकारी संजीव अग्निहोत्री, अनूप सक्सेना, रमेश कुमार, सतेंद्र सिंह यादव, कार्यालय प्रभारी वेदपाल सिंह, सुरक्षा अधिकारी राजेश अवस्थी आदि मौजूद रहे। विजयी प्रत्याशियों का साथी अधिवक्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया।