मंगलवार को व्हाट्सएप पर जानेमाने हास्य अभिनेता राजपाल यादव के निधन की अफवाह वायरल होने से यहां उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों में हड़कंप मच गया। लोग एक-दूसरे को फोन करके हकीकत जानने में लगे रहे। राजपाल और उनके घरवालों के पास भी तमाम फोन पहुंचे।
व्हाट्सएप पर वायरल हो रहे एक संदेश में बताया गया है कि मंगलवार को तड़के राजपाल यादव को दिल का दौरा पड़ा। उन्हें गंभीर हालत में मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई।
संदेश में यह भी बताया गया कि कर्ज में डूबे होने के कारण राजपाल यादव काफी तनाव में थे। पिछले कई दिनों से उन्हें पैसे की किल्लत का सामना करना पड़ रहा था। उल्लेखनीय है कि दिल्ली हाईकोर्ट में पांच करोड़ के कर्ज के एक मामले में सुनवाई में उन्होंने कहा था कि उनके पास पैसे नहीं हैं। संदेश में यह भी कहा गया है कि राजपाल यादव का शव कल यानी बुधवार को उनके पैतृक गांव कुंडरा भेजा जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई अन्य अभिनेताओं की मौत की अफवाहें सोशल मीडिया पर आती रही हैं। इनमें हनी सिंह, दिलीप कुमार, प्रेम चोपड़ा आदि के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कल से मैं दिल्ली में हूं। गुरुजी की कृपा, माता-पिता के आशीर्वाद और सभी प्रशंसकों की दुआओं से मैं फिट हूं। बीमार मानसिकता के जिन लोगों ने यह अफवाह फैलाई है, मैं उनके स्वस्थ शरीर और सद्बुद्धि की ईश्वर से कामना करता हूं।
-राजपाल यादव, हास्य अभिनेता