रविवार को सुबह तड़के से बेमौसम बारिश की झड़ी लग गई। इससे शहरी जनजीवन प्रभावित हुआ और तापमान गिरने से सर्दी लौट आई। इस दौरान तेज हवा चलने से शहर के ककरा कलां पॉवर सब स्टेशन की 11 केवी बिजली लाइन के तार टूट गए और अन्य कई इलाकों में बिजली नेटवर्क प्रभावित रहा। उधर, तेज हवा से पुवायां क्षेत्र में पकने को तैयार गेहूं की बालियां भीगने से कई जगह फसलें खेतों में पसर गईं। यही नहीं, मौसम की खराबी से ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।
दोपहर में बारिश होने के साथ ही सर्द हवाएं चलने लगीं। इससे लोगों की कंपकंपी छूट गई। इस वजह से सर्दी एक बार फिर से लौटी हुई नजर आई। बक्सों, दीवान और सेफ में रखे स्वेटर और जैकेट निकालकर लोगों ने पहनना ही मुनासिब समझा। वहीं, सियालदाह एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें काफी लेट रहीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। शनिवार देर रात को शुरू हुई रिमझिम बारिश से रविवार के अवकाश का मजा किरकिरा हो गया। रिमझिम बारिश का जो क्रम रात को शुरू हुआ वह रविवार की देर शाम तक जारी रहा। दोपहर में फुहार कुछ हल्की जरूर हुई, लेकिन ऐसी नहीं की कहीं भी बाहर आ-जा सकें। इस वजह से हमेशा ग्राहकों से गुलजार रहने वाली बहादुरगंज बाजार, सदर बाजार, गोविंदगंज, चौक, गुदड़ी बाजार आदि स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, हर वक्त वाहनों के फर्राटों से गूंजने वाला लाल इमली चौराहा, खिरनीबाग चौराहा, अंटा चौराहा, कनौजिया मोड़, रोडवेज आदि स्थानों पर भी कम वाहन नजर आए।
दुकानदारों के चेहरे उतरे
होली से पहले के रविवार को खरीददारी एवं तमाम तरह की तैयारियां करने की उम्मीदें रह गईं। बारिश होने से जितनी निराशा लोगों को हुई, उससे कई गुना ज्यादा परेशान दुकानदार दिखे, जिन्होंने होली के मद्देनजर तमाम तरह के रंग-गुलाल, पापड़, चिप्स, कचरी, पिचकारी, कपड़े आदि वस्तुओं को बिक्री करने के लिए स्टॉक करके रखा है।
कई स्थानों पर हुआ जलभराव
बारिश होने की वजह से शहर में तमाम स्थानों पर जलभराव हो गया। इसमें मशीनरी मार्केट, लकड़ी मंडी, बहादुरगंज, सदर बाजार, केरूगंज रोड, अजीजगंज आदि स्थानों पर जलभराव की स्थिति रही।
आज मौसम साफ रहने की उम्मीद
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक मनमोहन सिंह ने बताया कि बारिश होने की वजह से अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री से गिरकर 27.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने कहा कि शाम को पछुआ हवाएं चलने से सोमवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
हवा के थपेड़ों से बिजली लाइनों मेें हुए फाल्ट
बारिश के साथ हवा के तेज थपेड़ों ने शहर केबिजली नेटवर्क को झिंझोड़ डाला। तारों के आपस में टकराने से सुबह करीब आठ बजे ककरा सब स्टेशन से निकली आनंदपुरम् फीडर की 11 केवी लाइन के तार टूट गए। लगातार बूंदाबांदी के चलते फाल्ट ठीक करने में करीब दो घंटे लग गए। उधर, कैंट एरिया में चांदमारी मैदान के पास पेड़ की डालियां टूटकर गिरने से नीचे से निकली बिजली लाइन के तार उलझकर स्पार्किंग छोड़ने लगे। बहादुरगंज सब सटेशन से जुड़े बिजलीपुरा मोहल्ले में शार्ट सर्किट से 33 केवी लाइन में घंटों ट्रिपिंग होती रही।
गेहूं समेत कई फसलों को बारिश ने लगाई चपत
खेतों में पकने को तैयार गेहूं की बालियां भीगीं तो पौधे पानी का वजन सहन नहीं कर पाने से खेतों में पसर गए। पुवायां क्षेत्र में अगैती बुवाई वाली गेहूं फसल को काफी नुकसान हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी एवं शस्य विज्ञानी डॉ. एलबी सिंह के अनुसार हवा नहीं चलने की दशा में बारिश पिछैती बुवाई वाले गेहूं और गन्ना फसल के लिए वरदान साबित होगी। बारिश के साथ हवा इसी तरह चलती रही मटर, मसूर, चना, सरसों आदि दलहनी फसलों को नुकसान होगा। उप निदेशक (कृषि प्रसार) डॉ. राधाकृष्ण यादव के अनुसार बारिश का सिलसिला नहीं थमा तो खेतों में आलू को सड़ने से बचाना मुश्किल हो जाएगा।
उखड़ा टिन शेड बना परेशानी का सबब
शहर के रेलवे स्टेशन पर टिन शेड को उखाड़कर बदला जा रहा है। यह काम काफी दिनों से चल रहा है। प्लेटफार्म दो और तीन पर इंतजार करने रहे यात्रियों को भीगते में ट्रेन का इंतजार करने को मजबूर होना पड़ा। इससे कई यात्रियों को भीगने के बावजूद सफर करने को मजबूर होना पड़ा।