कांट। ददरौल विधानसभा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शामियाने से पानी टपकने से लाभार्थी और उनके परिजन भीग गए। इस बीच खाने को लेकर अफरा-तफरी का माहौल रहा। बारिश थमने के बाद 180 जोड़ों का विवाह कराया गया।
सुबह करीब नौ बजे से भावलखेड़ा, ददरौल और कांट ब्लॉक से आए लाभार्थी और उनके परिजन राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर पहुंचने लगे थे। इसी दौरान मौसम ने करवट ली और तेज बारिश से व्यवस्था पटरी से उतर गई। समारोह स्थल तक जाने वाले कच्चे रास्ते पर पानी के चलते रास्ता खराब हो गया।
रास्ता खराब होने पर मैट डालकर आवाजाही शुरू कराई गई। विवाह में वितरित किए जाने वाले उपहारों का सामान भी भीगने से बचाने के लिए तिरपाल डाला गया। वीआईपी और जनप्रतिनिधियों के लिए वॉटरप्रूफ पंडाल की व्यवस्था थी, जबकि लाभार्थियों और उनके परिजनों के लिए लगाए गए सामान्य शामियाने बारिश नहीं रोक सके।
बारिश थमने के बाद कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें 180 पंजीकृत जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। मुख्य अतिथि ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने वर-वधू को आशीर्वाद और उपहार दिए। इस मौके पर एसडीएम सदर संजय पांडेय, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नूरजहां, खंड विकास अधिकारी इंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।
कुर्सियां कम पड़ीं, खाने को लेकर रही अफरा-तफरी
कार्यक्रम स्थल पर कम कुर्सियां डाली गईं थीं, जबकि लोग काफी ज्यादा पहुंच गए। इस बीच खाने को लेकर अफरा-तफरी का माहौल रहा। अधिकांश लोगों ने खड़े होकर खाना खाया। महिलाएं जमीन पर बैठकर खाना खाती नजर आईं।
बारिश की वजह से थोड़ी दिक्कतें आईं थीं। व्यवस्थाओं को सही करने के लिए कर्मचारी लगे रहे थे। बारिश थमने पर कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
-राजेश शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी
जीआईसी मैदान पर 12 को होगा सामूहिक विवाह कार्यक्रम
शाहजहांपुर। ओसीएफ रामलीला मैदान पर 12 जुलाई को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रस्तावित है। बारिश की वजह से मैदान पर पानी भर गया है। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की सहमति पर जीआईसी मैदान पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाना तय हुआ है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि बारिश से बचाव के लिए जर्मन टेंट लगाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम में कुल 200 जोड़ों के विवाह प्रस्तावित हैं। संवाद
राजकीय पॉलिटेक्निक में विवाह के दौरान उपस्थित वर-वधू। संवाद
राजकीय पॉलिटेक्निक में विवाह के दौरान उपस्थित वर-वधू। संवाद