शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन पर पानी की जांच करते सीएचआई त्रिलोक चंद्र। स्रोत: रेलवे
शाहजहांपुर। यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पानी उपलब्ध कराने के लिए मुरादाबाद मंडल के अफसरों के निर्देश पर रेलवे स्टेशन के पानी बूथ की जांच की गई। स्थानीय अफसरों की जांच में पानी पीने योग्य पाया गया।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक स्थित बूथ नंबर छह पर स्टेशन अधीक्षक एके गौतम की उपस्थिति में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक त्रिलोक चंद्र ने पानी की जांच की। पानी में क्लोरीन की मात्रा जांचने के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। जांच में पानी पीने योग्य पाया गया।
आने वाले दिनों में यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर पानी और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर करीब दो हजार पानी की टंकियों की सफाई का काम अगस्त से शुरू किया गया है। टंकियों की नियमित सफाई और रखरखाव के साथ पेयजल स्थलों, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और सार्वजनिक स्थानों पर भी सफाई कराई जा रही है।
मंडल की ओर से पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है। अभियान के तहत पिछले सात दिनों में 372 पेयजल नमूने लिए गए हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है।