शाहजहांपुर/रोजा। दून एक्सप्रेस के इंजन में रविवार रात तकनीकी खराबी आ गई, इस वजह से ट्रेन रफ्तार नहीं पकड़ पाई और चार घंटे देरी से सुबह तीन बजे रोजा स्टेशन पहुंच पाई। रोजा से तकनीकी खराबी दूर किए बिना ही ट्रेन को बरेली के लिए रवाना कर दिया गया, इसके बाद बरेली जंक्शन पर इंजन बदलने के बाद ट्रेन को निर्धारित गति से चलाया जा सका।
रविवार रात 11 बजे लखनऊ से चली अप लाइन की दून एक्सप्रेस के इंजन में कुछ दूर चलने के बाद ही तकनीकी खराबी आ गई। इस वजह से ट्रेन रफ्तार नहीं पकड़ पाई। लोको पायलट ने इसकी सूचना लखनऊ कंट्रोल को दी। बताते हैं कि कंट्रोल ने मुरादाबाद में इंजन बदलने की बात कहकर ट्रेन को ऐसे ही रवाना कर दिया। इस दौरान ट्रेन को 25-30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलाया गया। चार घंटे देरी से सुबह तीन बजे ट्रेन रोजा पहुंची। दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन को बरेली रवाना कर दिया गया। जहां दूसरा इंजन लगाया गया। ट्रेन के समय पर न पहुंचने से कई यात्रियों को अपने रिजर्वेशन कैंसल कराने पड़े।