शाहजहांपुर। डीआरएम के आने से पहले शाहजहांपुर स्टेशन चमक उठा। डीआरएम के दौरे को बुधवार को कर्मचारी और अधिकारी स्टेशन पर व्यवस्थाएं ठीक करने में जुटे रहे। इस दौरान सामान्य दिनों में न होने वाले कार्य भी कराए गए।
डीआरएम तरुण प्रकाश बुधवार की शाम मुरादाबाद से चलकर रात ढाई बजे सत्याग्रह एक्सप्रेस से सीतापुर सिटी पहुंचेंगे। वहां निरीक्षण करने के बाद सीतापुर सिटी से गुरुवार सुबह 10:12 बजे रवाना होकर पैसेंजर ट्रेन से दोपहर 12:35 बजे शाहजहांपुर स्टेशन आएंगे। इस बीच वह सीतापुर कैंट से रोजा सेक्शन का विंडो निरीक्षण करेंगे। यहां निरीक्षण करने के बाद शाम 4:05 बजे कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस से मुरादाबाद के लिए रवाना हो जाएंगे। डीएमआरएम के आने से पहले बुधवार को शाहजहांपुर स्टेशन पर साफ सफाई चलती रही। एसएस मनोज कुमार की देखरेख में शौचालय, प्लेटफॉर्म और पटरियों के बीच सफाई अभियान चलाया गया। जहां कहीं भी कमी दिखी उसे तुरंत सही कराने के निर्देश दिए। डीआरएम के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।