शाहजहांपुर। शाहजहांपुर से बालामऊ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रविवार सुबह निर्धारित समय से दो घंटे देरी से रवाना की गई क्योंकि उसे स्टेशन पर खड़े खराब इंजन को बालामऊ तक ले जाना था। देरी से ट्रेन रवाना होने की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में बच्चेे और महिलाएं परेशान दिखाई दीं। ट्रेन रवाना होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
रविवार सुबह सात बजे बालामऊ पैसेंजर ट्रेन रवाना होने वाली थी, तभी कंट्रोल से मेसेज आया कि स्टेशन पर खराब इंजन को बालामऊ तक ले जाना है। इस पर ट्रेन को रोक दिया गया और ट्रेन से इंजन अलग करके खराब खड़े इंजन को ट्रेन में लगाया गया। इसके बाद सही इंजन को लगाकर ट्रेन को नौ बजे रवाना किया गया। इंजन ट्रेन से अलग करने और खराब इंजन को जोड़ने में करीब दो घंटे का समय लग गया। देरी से ट्रेन चलने की वजह से बोगी में बैठे यात्री गर्मी में बेहाल हो रहे थे।