तिलहर-निगोही मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए बंद की गई क्रॉसिंग। संवाद
तिलहर। निगोही मार्ग पर रेलवे स्टेशन के पास अधूरे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए उत्तर रेलवे प्रशासन ने शुक्रवार सुबह से रेलवे फाटक को पूरी तरह बंद कर दिए जाने से वाहनों का आवागमन थम गया है। अब वहां से केवल पैदल निकलने की अनुमति है।
रेलवे फाटक बंद होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन के लिए रुजवारी और गुलचंपा रेलवे क्रॉसिंग से निकलना पड़ रहा है। ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा होने और पुल से यातायात सुचारु होने तक इसी व्यवस्था के तहत आवागमन जारी रहेगा।
एसडीएम आदित्य श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे विभाग की ओर से अधूरे ओवरब्रिज निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए रेलवे फाटक बंद किया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ओवरब्रिज से यातायात सुचारु किया जाएगा। तब तक लोगों को वैकल्पिक रेलवे फाटकों से आवागमन करना होगा। संवाद