देवकली/बंडा। क्षेत्र के मानपुर पिपरिया गांव निवासी बाइक सवार हरजिंदर सिंह (45) की मोहद्दीनपुर गांव के पास कंबाइन की टक्कर लगने से मौत हो गई। बाइक पर बैठी उनकी बेटी पलक दीप घायल हो गई।
हरजिंदर सिंह की बेटी पलक दीप सरदार पटेल महिला महाविद्यालय में बीए की छात्रा है। शुक्रवार की दोपहर हरजिंदर सिंह अपनी बेटी को महाविद्यालय से लेकर आ रहे थे। जैसे ही वह मोहद्दीनपुर से गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही कंबाइन से उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे में पिता-पुत्री घायल हो गए। अस्पताल ले जाने से पूर्व हरजिंदर सिंह की मौत हो गई। उनकी बेटी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हरजिंदर सिंह की मौत से उनकी पत्नी गुरमीत कौर, पुत्री सिमरनजीत कौर, पुत्र नमन दीप सिंह का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाएगी।
सड़क हादसे में घायल लखीमपुर खीरी के दो लोगों की मौत
शाहजहांपुर। सड़क हादसे में घायल लखीमपुर खीरी के युवक व बुजुर्ग की मौत हो गई।
उचौलिया थाना क्षेत्र के गांव नगरा निवासी रामचंद्र (70) बृहस्पतिवार की शाम सामान खरीदने के लिए पैदल गए थे। इस दौरान वहां उन्हें किसी बाइक की टक्कर लग गई। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई।
दूसरी ओर सड़क हादसे में घायल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के गांव बेला पहाड़ा गांव निवासी मेजर सिंह (26) की उपचार के दौरान मौत हो गई। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि दोनों मामले लखीमपुर खीरी क्षेत्र के हैं। यहां शवों का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है। वहां की पुलिस जांच करेगी। संवाद
घायल बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान जान गई
बंडा। कस्बे से दवा लेकर बृहस्पतिवार की रात घर जा रहे पुवायां क्षेत्र के गांव सबलापुर निवासी कपिल कुमार दलेलापुर के पास अचानक सामने आए छुट्टा पशु से बाइक टकराने से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें सीएचसी पर प्राथमिक उपचार देकर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन वहां उपचार के दौरान शुक्रवार को सुबह उनकी मौत हो गई। हादसे में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। कपिल की मौत से उनकी पत्नी अनामिका और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि छुुट्टा पशु से हादसा होने की सूचना डायल 112 पुलिस टीम को मिली थी, लेकिन बाइक सवार की मौत की सूचना परिजनों की ओर से पुलिस को नहीं दी गई है। संवाद