केंद्र सरकार द्वारा रेल बजट में घोषित सुविधाएं ए ग्रेड के स्थानीय स्टेशन पर लागू नहीं किए जाने के विरोध मेें अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी सोमवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने जिले में संगठन की कमान संभाले प्रदेश मंत्री सतीश सर्राफ के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। बाद में उनका शिष्टमंडल स्टेशन मास्टर कार्यालय के प्रभारी से मिला और उन्हें रेल मंत्री के नाम ज्ञापन दिया।
प्रदर्शन में शामिल व्यापारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने रेलवे की वादाखिलाफी के बिंदुओं पर बोलना शुरू किया तो वहां मौजूद यात्री भी उनका समर्थन करते हुए नारेबाजी में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि गत छह अक्तूबर को घोषणा की गई कि सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेनों की लोकेशन बताने के लिए टीवी मानीटर और सीआईटी ऑफिस के बाहर टीवी स्क्रीन पर पीआरएस चार्ट प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके विपरीत यहां ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई और पूर्व में लगाए गए इलैक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड भी लंबे समय से खराब पड़े हैं।
जिलाध्यक्ष सतीश सर्राफ ने पूछताछ काउंटर से ट्रेनों के आगमन की सूचना बंद किए जाने और वेटिंग टिकट वालों को स्लीपर में बैठने पर बिना टिकट माने जाने आदि व्यवस्थाओं को जन विरोधी बताया। नगर अध्यक्ष अनवार खां ने गत वर्ष 14.5 फीसदी रेल किराया बढ़ाए जाने के बाद टिकट वापसी पर कटौती शुल्क छह गुना बढ़ा दिए जाने को सरासर अन्याय बताया।
ज्ञापन में टिकट वापसी की बढ़ी हुई दरें वापस लेने, शाहजहांपुर से बरेली के लिए मेमू और दिल्ली तक एक्सप्रेस ट्रेन चलाए जाने, प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लिए सीटें बढ़ाने, रोडवेज रेलवे क्रासिंग पर दुर्घटनाएं रोकने को अंडर पास बनाने आदि मांगों का उल्लेख किया गया है। प्रदर्शन में अभिजीत द्विवेदी, राजा रस्तोगी, अनवार खां, दिनेश कनौजिया, राम औतार गुप्ता, श्याम बिहारी वर्मा, अनिल सक्सेना, खुशनाज, यासीन खां, मिर्जा शकील, शान खां, अनीस खां, संदीप वर्मा, यासर अली, जय प्रकाश श्रीवास्तव, राम प्रेम मिश्रा आदि शामिल रहे।