शाहजहांपुर। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 24 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ददरौल में प्रश्नपत्र बनवाए जाएंगे। उसके बाद प्रश्नपत्रों को छपवाकर स्कूलों में भेजा जाएगा। बीएसए दिव्या गुप्ता ने सभी बीईओ को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
जनपद में 1808 प्राइमरी, 516 पूर्व माध्यमिक व 442 कंपोजिट स्कूलों में तीन लाख 23 हजार छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अर्द्धवार्षिक परीक्षा में छात्र-छात्राओं के लिए प्रत्येक स्कूल को एक प्रश्नपत्र जारी किया जाता है। वार्षिक परीक्षा को लेकर प्रत्येक विद्यालय में बंडल में प्रश्नपत्र पहुंचाए जाएंगे।
बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने पत्र जारी कर निर्देश दिए कि डायट में प्रश्नपत्रों का निर्माण कराया जाए। प्रश्नपत्रों को बीएसए स्तर से छपवाकर विद्यालयों में वितरण किया जाए। प्रश्नपत्र की छपाई अधिकतम एक पेपर के दोनों तरफ की जाएगी। उसके बाद पैकिंग ब्लॉकवार कर आपूर्ति की जाएगी। मूल्यांकन का कार्य विकास खंड के अंतर्गत न्याय पंचायत के अध्यापकों से कराया जाएगा। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि परिषद के निर्देशों के अनुसार ही परीक्षा को कराया जाएगा।