शाहजहांपुर। 16 मार्च से परिषदीय स्कूलों में वार्षिक परीक्षा का आगाज होगा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ददरौल में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के लिए प्रश्नपत्र बनाकर शिक्षा विभाग को सौंप दिए गए हैं। प्रश्नपत्र बनाने में शुचिता का ध्यान भी रखा गया है।
जिले में बेसिक के 2717 स्कूलों का संचालन होता है। इनमें करीब दो लाख 75 हजार छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। इनकी वार्षिक परीक्षा 16 मार्च से प्रारंभ होगी। परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र बनाने का जिम्मा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान को दिया गया है। प्राचार्य सोनिया गुप्ता ने तेजराम गंगवार को नोडल अधिकारी बनाते हुए जिम्मा सौंपा था। उनके मार्गदर्शन में बेसिक शिक्षा विभाग से लिए गए 28 शिक्षकों ने प्रश्नपत्र को बनाया है।
प्राचार्य ने बताया कि कक्षा एक व दो की मौखिक परीक्षा होती है। कक्षा तीन से आठ तक के बच्चों के लिए प्रश्नपत्र बनाए गए हैं। सारे विषयों के प्रश्नपत्र तैयार कराकर सीलबंद लिफाफे में शिक्षा विभाग को भेज दिए गए हैं। शिक्षा विभाग प्रिटिंग कराने के बाद उन्हें शिक्षकों को सौंपेगा।