शाहजहांपुर। गर्रा नदी के किनारे विकसित न्यू सिटी ककरा तक जाने के लिए बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए पुल के पहुंच मार्ग को पीडब्ल्यूडी ठीक कराएगा। इससे पहले सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी व नगर निगम के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे थे।
नगर निगम के मुख्य अभियंता एसके अंबेडकर की ओर से लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखा गया है। इसमें उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सेतु निगम लिमिटेड, सेतु निर्माण इकाई शाहजहांपुर की ओर से गर्रा नदी पर पुल का निर्माण पूरा किए जाने के बाद 13 फरवरी को हस्तांतरित कर दिया गया था।
ऐसे में इस कार्य के रखरखाव, मरम्मत आदि का समस्त दायित्व पीडब्ल्यूडी का है। गर्रा नदी में बाढ़ आने के बाद से इस मार्ग का लगभग 250 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण ककरा में स्थापित ई-बस चार्जिंग स्टेशन से ई-बसों का संचालन भी बाधित हो रहा है। जनहित को ध्यान में रखकर मार्ग को सही कराएं। हालांकि 20 जुलाई को पत्र लिखे जाने के बाद अभी तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ है।
नगर निगम की ओर से मिट्टी डलवाकर वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है। इसी रास्ते से ई-बसों का आवागमन हो रहा है। बारिश के दौरान मिट्टी बहने से पुन: संचालन प्रभावित होने की संभावना है।