तहसील में गैर हाजिर कर्मचारियों को फोन कर नाराजगी जाहिर करती एक दिन की एसडीएम निष्कर्ष पटेल। सं
पुवायां। सरकार की ओर से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत पुवायां में एक दिन की एसडीएम बनाईं गईं छात्रा निष्कर्ष पटेल एक्शन में नजर आईं। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर चेक की तो तहसील के कर्मचारियों की पोल खुल गई। छह कर्मचारी बिना छुट्टी नदारद मिले। इस पर उन्होंने फोन करके सभी कर्मचारियों का जवाब-तलब किया। इस दौरान एक कर्मचारी तुरंत कार्यालय पहुंच गईं तो तीन ने छुट्टी के लिए प्रार्थनापत्र भेज दिया।
गांव मरेना निवासी निष्कर्ष पटेल नगर के राजकीय कन्या इंटर काॅलेज में 12वीं की छात्रा है। तहसील पहुंचने पर एसडीएम चित्रा निर्वाल ने निष्कर्ष पटेल को बुके और उपहार देकर सम्मानित किया। साथ ही जनसुनवाई करते हुए लोगों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण करने के निर्देश दिए। गांव बुझिया की एक महिला ने रास्ते में मकान का छज्जा बनाने की शिकायत की। इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को मौके पर भिजवाकर समस्या समाधान कराने के लिए कहा।
गांव कंजा में प्राथमिक स्कूल के पास पशु बांधे जाने से गंदगी होने की शिकायत मिली। उन्होंने सफाई कराने के निर्देश दिए। निष्कर्ष ने बताया कि भविष्य में वह आईएएस बनकर लोगों की सेवा करना चाहतीं हैं। एसडीएम चित्रा निर्वाल ने बताया कि चेकिंग में जो तीन कर्मचारी नदारद मिले, उनका जवाब तलब किया गया है।