पुवायां। अघोषित बिजली कटौती बंद करने सहित कई समस्याओं को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को खुटार के गांव रामपुर कलां स्थित बिजली उप केंद्र पर धरना देकर प्रदर्शन किया।
किसान नेता मंजीत सिंह के नेतृत्व में मंगलवार सुबह काफी संख्या में किसान बिजली उप केंद्र पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। किसानों ने बताया कि बिजली उप केंद्र पर दस एमबीए का ट्रांसफार्मर रखे बिना समस्या का हल नहीं होगा।
बिजली की अघोषित कटौती से किसान बेहद परेशान हैं और अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। किसानों ने गांवों और नलकूपों को कई जर्जर बिजली लाइनों को बदलने की मांग भी की।
जानकारी पाकर एक्सईएन मोहम्मद खालिद, एसडीओ, जेई के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से कहा कि विभाग के लोग किसानों की परेशानी समझते हैं और समस्या के निदान के प्रति गंभीर हैं। जल्द ही समस्या का निराकरण हो जाएगा। इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस दौरान संदीप सिंह, अतीक खान, राजेंद्र सिंह, जरनैल सिंह, कुलवंत सिंह, महेंद्र सिंह, जसपाल सिंह, सुखविंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, बरकत अली, रेदू खां, मकबूल खान सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।