शाहजहांपुर। जिले के 271 शिक्षकों के तबादलों के विरोध में अनियमितता का आरोप लगाते हुए संयुक्त शिक्षक संघर्ष समिति ने सोमवार को बीएसए कार्यालय पर धरना दिया। इस बीच बेसिक शिक्षा मंत्री ने कॉल कर पूरे मामले की जानकारी ली। मंगलवार से ब्लॉकवार शिक्षक अनशन कर आवाज को बुलंद करेंगे।
जिले के अंदर शिक्षकों के समायोजन व स्थानांतरण को नियमविरुद्ध करने का आरोप लगाते हुए विभिन्न संगठनों के शिक्षक एक मंच पर आ गए। सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे से बीएसए कार्यालय परिसर में दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। शाम को डीएम को संबोधित ज्ञापन बीएसए को देते हुए तबादला आदेश को निरस्त करने की मांग की गई।
शिक्षकों ने तबादलों को नियम के विपरीत बताया। कहा कि शिक्षकों की सहमति या अनुरोध के बिना स्थानांतरण नहीं किया जा सकता। इसके बाद भी सामूहिक रूप से समायोजन कर दिया गया। शिक्षकों ने समायोजन से संबंधित नियमावली व मानदंडों को सार्वजनिक करने, सरप्लस व शिक्षकविहीन, एकल शिक्षकों की सूची प्रकाशित करने की मांग की।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मुनीश मिश्रा ने बताया कि ददरौल से भाजपा विधायक अरविंद सिंह को ज्ञापन दिया गया था। सोमवार को अरविंद सिंह ने बेसिक शिक्षा मंत्री से मुलाकात की। इस बीच मंत्री से उनकी फोन पर वार्ता कराई। जिसपर उन्होंने उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए अनियमितता की जानकारी दी।
शिक्षक नेता सरताज अली के संचालन में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनीस अहमद, यूटा अध्यक्ष विनीत गंगवार, कौमी उर्दू शिक्षक संघ के अध्यक्ष नफीस खां, राजकमल आर्य, संजीव गंगवार ने विचार रखे।
आज से क्रमिक अनशन
समायोजन के मुद्दे पर कोई सकरात्मक हल नहीं निकलने पर मंगलवार से जीआईसी खेल मैदान पर क्रमिक अनशन होगा। पहले दिन भावलखेड़ा, सिंधौली, कांट, जैतीपुर के शिक्षक अनशन पर बैठेंगे। 21 को ददरौल, निगोही, पुवायां, जलालाबाद, 22 को नगर क्षेत्र, तिलहर, बंडा, खुटार, मदनापुर, कटरा-खुदागंज, मिर्जापुर, कलान के शिक्षक बैठेंगे। 23 को सामूहिक धरना-प्रदर्शन होगा।