पुवायां में अभय कुमार के घर चोरी के बाद बिखरा सामान। संवाद
पुवायां। चोरों ने दो घरों से नकदी, जेवर सहित तीन लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। कस्बे में हुई चोरियों से पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। चोरियों की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
पुवायां के मोहल्ला कसभरा तकिया निवासी अभय कुमार परिजनों के साथ विवाह समारोह में शामिल होने शाहजहांपुर गए थे। पड़ोस में एक मकान बन रहा है। यहां रखी सीढ़ी से चोर अभय कुमार के घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और सात हजार रुपये चोरी कर लिए। शनिवार सुबह वापस आने पर अभय को चोरी का पता चल सका। तहरीर देने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
एक अन्य घटना में इसी मोहल्ले के नन्हेलाल पत्नी सुमन और पुत्र अरुण के साथ 12 मार्च को लखीमपुर गए थे। दूसरा पुत्र अर्पित अपनी दादी के साथ गांव लखराम गया था। चोर नन्हलाल के घर में घुस गए और कमरे की कुंडी काटकर बक्से में रखे जेवर और 73 सौ रुपये चोरी कर लिए। शनिवार को अर्पित घर लौटे तो चोरी की जानकारी हो सकी।
नन्हेलाल ने भी तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर मौका मुआयना तक नहीं किया है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि चोरी की घटनाओं की जानकारी मिली है। कस्बा इंचार्ज को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है।
चोरी की घटनाओं की जानकारी नहीं है। मौका मुआयना किया जाएगा। जांच के बाद कार्रवाई कराई जाएगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां