अल्हागंज। रामगंगा के वजीरपुर और मनिहार घाट पर बनने वाले पैंटून पुलों का शनिवार को क्षेत्रीय विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने पूर्व विधायक शरद वीर सिंह और डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के साथ संयुक्त रूप से शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक और डीएम ने विकास कार्यों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का ब्योरा दिया। विधायक ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले मनिहार, कीलापुर और नौसारा क्षेत्र के लोगों ने नदी पार करने के लिए नाव की मांग उठाई थी, लेकिन सरकार ने नाव की जगह पैंटून पुल स्वीकृत किए है। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिल जाएगी।
उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में अब तक 12 पक्के पुल और चार पांटून पुल बनाए जा चुके हैं। उन्होंने सहयोग के लिए पूर्व विधायक शरदवीर सिंह सहित जनता का आभार जताया। पूर्व विधायक ने पैंटून पुल को क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
डीएम ने कहा कि अल्हागंज क्षेत्र के पास से गुजरने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तैयारियां चल रही हैं और यह परियोजना क्षेत्र को बेहतर संपर्क देने में मील का पत्थर बनेगी। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर पैंटून पुल तक करीब डेढ़ किमी सड़क बनवाने का भी भरोसा दिया।
डीएम ने कहा कि क्षेत्र में कहीं डेढ़ एकड़ सरकारी भूमि मिलने पर शीघ्र वृहद गोशाला शासन से स्वीकृत कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख के पति अमित सिंह, सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भन्नू, किसान यूनियन के नरेंद्र सोमवंशी, भाजपा नेता जितेंद्र प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष रामकिशोर वर्मा, ग्राम प्रधान जसवंत वर्मा, अजय चंदेल, प्रियांशु शुक्ला, अब्दुल लतीफ आदि मौजूद रहे।