खुटार में मोहम्मद वाहिद के घर चोरों ने तोड़ी अलमारी और बिखरा पड़ा सामान। संवाद
खुटार। नगर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी वाहिद अली के मकान के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी, जेवर सहित ढाई लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसी कैमरे देखे और जांच की।
वाहिद अली पांच दिन पूर्व काम करने हरिद्वार गए थे। 19 जून की सुबह वाहिद की पत्नी सलमा अपने पुत्र सनद और पुत्री बेबो को लेकर अपने मायके पूरनपुर के गांव भगवंतापुर चली गई। घर पर उनकी 17 वर्षीय पुत्री आसिफा अकेली थी। रात में आसिफा घर पर ताले डालकर मोहल्ले में ही अपने ताऊ मोहम्मद आबिद के घर चली गई।
शनिवार सुबह आसिफा घर पहुंची तो मेन गेट और अंदर कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा हुआ था। सलमा मायके से घर पहुंची। उन्होंने बताया कि चोर चांदी की दो जोड़ी पायल, चांदी के सात सिक्के, दो जोड़ी सोने के बुंदे, तीन जोड़ी बिछिया, सोने की चेन, अंगूठी, पेंडल, बड़ी नथ, बच्चे का पेंडल, अंगूठी और 25 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
सलमा ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच करने के साथ ही आसपास लगे सीसी कैमरों के वीडियो भी चेक किए हैं। कैमराें से पुलिस को कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी है। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। चोरी का खुलासा किया जाएगा।