फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: अधर में अटकीं परियोजनाएं तो निर्माण के बावजूद कई के हस्तांतरण में रोड़ा

विज्ञापन
मोहल्ला मोहनगंज ​स्थित निर्माणाधीन ग्रीन रोड। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। कार्यदायी संस्थाओं की हीलाहवाली के कारण महानगर में कई परियोजनाएं पूरी होने के बाद भी हस्तांतरित नहीं हो पाई हैं। योजनाओं के निर्माण में धीमी गति से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रीन रोड के निर्माण की गति काफी धीमी है तो मघईटोला स्मार्ट रोड का कार्य अटका हुआ है। सुभाषनगर स्मार्ट रोड छह माह पहले तैयार हो चुकी है। वहीं, हनुमतधाम के पास बहुमंजिला कार पार्किंग को बने दो वर्ष से अधिक समय हो गया है, लेकिन अब तक शुरू नहीं हो पाई है।
विज्ञापन

नगर निगम की महत्वाकांक्षी स्मार्ट रोड परियोजना अतिक्रमण के चलते अटकी हुई है। केरूगंज से मघईटोला होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक बनने वाली करीब 2.2 किलोमीटर लंबी स्मार्ट रोड 25 करोड़ रुपये की लागत से बननी है। इसकी मंजूरी मिले आठ माह से अधिक का समय हो गया है लेकिन जमीनी स्तर पर काम अभी शुरुआती चरण में ही अटका हुआ है।
नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के बीच समन्वय की कमी के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी ने राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर से निर्माण कार्य शुरू किया था, लेकिन कुछ दिनों के बाद रुक गया। राहगीरों को यहां से निकलने में काफी दिक्कत होती है। मघईटोला क्षेत्र में सड़क किनारे बने मकानों और दुकानों को पहले ही अतिक्रमण के रूप में चिह्नित किया जा चुका है लेकिन अभी हटाने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। नगर निगम ने पिछले माह अतिक्रमण को चिह्नित करने का अभियान चलाया था, लेकिन अब प्रक्रिया अटकी हुई है।
विज्ञापन


सुभाषनगर स्मार्ट रोड पर नहीं हो पाया बिजली कनेक्शन
13 करोड़ से अधिक की सुभाषनगर स्मार्ट रोड पर निर्माण छह माह पहले पूरा हो गया था। अब तक बिजली का कनेक्शन नहीं होने की वजह से लाखों रुपये की लाइटें शोपीस बनी हैं। अंधेरे में हादसे का खतरा रहता है। कनेक्शन न होने को लेकर नगर निगम और बिजली निगम एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहा है। बता दें कि 900 मीटर लंबी रोड पर कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने दोनों ओर फुटपाथ और डिवाइडर को बनाया है। सुंदरीकरण के लिए फैंसी स्ट्रीट लाइट भी लगाई गईं हैं। बिजली का कनेक्शन नहीं होने से स्मार्ट रोड नगर निगम को हस्तांतरित नहीं हो सकी है।

छह माह की देरी होने के बाद भी ग्रीन रोड का निर्माण पूरा नहीं
सीएम ग्रिड योजना के तहत अक्तूबर 2024 में शहीद अहमद उल्ला शाह पार्क से तेल टंकी तक करीब 400 मीटर लंबी ग्रीन रोड का निर्माण शुरू हुआ था। इसकी लागत करीब छह करोड़ रुपये है। इसका निर्माण एक वर्ष में पूरा होना था। एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अब तक सड़क का निर्माण 85 फीसदी के आसपास हो पाया है। निर्माण में देरी की वजह से स्टेशन जाने वाले राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पिछले दिनों सड़क पर आरसीसी पड़ने का काम लगभग पूरा हो गया है। इसके बाद सुंदरीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद ग्रीन रोड पर आवागमन शुरू हो सकेगा।

दो वर्ष होने के बाद भी शुरू नहीं हो पाई कार पार्किंग
हनुमत धाम के पास बहुमंजिला कार पार्किंग का निर्माण कार्य सीएंडडीएस उप्र जल निगम की ओर से करवाया था। वर्ष 2024 की शुरुआत में इसका काम पूरा हो गया। सीएंडडीएस ने इसको नगर निगम को हस्तांतरित कर दिया था। दो वर्ष बीत जाने के बाद भी कार पार्किंग शुरू नहीं हो पाई है। नगर निगम के अधिकारी काफी दिनों से दावा कर रहे है कि टेंडर प्रक्रिया शुरू होने वाली है लेकिन अब तक शुरू नहीं हो पाई है। इस परियोजना के लिए 5.669 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई थी। इसका उद्देश्य था कि क्षेत्र के लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी, लेकिन इसके बनने से लोगों को अब तक जाम से राहत नहीं मिल पाई है।

जो भी अधूरी परियोजनाएं हैं, उनको जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। अटकी हुई परियोजनाओं को हस्तांतरित कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त

मोहल्ला मोहनगंज स्थित निर्माणाधीन ग्रीन रोड। संवाद

मोहल्ला मोहनगंज स्थित निर्माणाधीन ग्रीन रोड। संवाद

मोहल्ला मोहनगंज स्थित निर्माणाधीन ग्रीन रोड। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें