शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के परिसर में अनुशासन, सुरक्षा एवं छात्र हितों के लिए प्रॉक्टोरियल बोर्ड का गठन कर दिया गया है। कुलपति प्रो.पुष्पेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर गठित बोर्ड में रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट (डॉ.) आलोक कुमार सिंह को कुलानुशासक व शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ.प्रांजल शाही को संयुक्त कुलानुशासक का दायित्व सौंपा गया है।
सोमवार को बोर्ड की बैठक में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्णय लिए गए। तय किया गया कि विश्वविद्यालय के नियमों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में अनुशासन केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और बेहतर शैक्षणिक माहौल की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि अखिलेश कुमार, डॉ.अमित यादव, डॉ.दीप्ति गंगवार, डॉ.अभिजीत मिश्रा, डॉ.संतोष प्रताप सिंह, चंदन गिरि गोस्वामी, डॉ.रोहित कुमार सिंह, डॉ.रुपक श्रीवास्तव समेत 13 शिक्षकों को सहायक कुलानुशासक बनाया गया है।
डॉ.आलोक। स्रोत: स्वयं