जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक विकास भवन सभागार में हुई। इसमें जिले के उद्यमियों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। सीडीओ ने समस्याओं के जल्द निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सीडीओ महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जितने अधिक उद्योग स्थापित होंगे, उतना ही जिले का अधिक विकास होगा। रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे उद्यमियों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समय से निराकरण करें।
उद्यमियों ने विद्युत और लोक निर्माण विभाग की शिकायत की। कहा, ये दोनों विभाग उनकी समस्याओं के निस्तारण के प्रति गंभीर नहीं है। औद्योगिक क्षेत्र में बिजली ट्रिंपिग की समस्या और सड़कों की मरम्मत का मामला भी उठाया। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समय से काम करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग अधिशासी अभियंता ने बताया कि ट्रिपिंग खत्म करने लिए 16 लाख की योजना तैयार कर क्षेत्रीय मुख्य अभियंता को भेजी जा चुकी है। धनराशि स्वीकृति होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। अटसलिया-मोहम्मदी रोड निर्माण कार्य के संबंध में प्रांतीय खंड के अवर अभियंता ने बताया कि 31 मार्च तक काम पूरा कर लिया जाएगा।
कौशल विकास योजना के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश जिला प्रबंधक को दिए। साथ ही इससे संबंधित संपूर्ण जानकारी वाली बुकलेट उपलब्ध कराने के लिए भी। इससे पहले उन्होंने सभी विभागों की बिंदुवार समीक्षा की। साथ ही राइस मिलों, विद्युत लाइन शिफ्टिंग आदि मामलों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान सीओ सिटी राजेश्वर सिंह, उपायुक्त उद्योग, एलडीएम बीएम गुप्ता, उद्यमी अशोक अग्रवाल, प्रकाश कलानी, विवेक अग्रवाल, विश्वामित्र तड़वाल, संजीव अग्रवाल, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।