शाहजहांपुर। रुक-रुककर बारिश होने और शहर में लोकल फॉल्ट से लोग परेशान हैं। गांवों में फेस जाने व लो वोल्टेज की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। लोगों के पंखे और कूलर तक नहीं चल पा रहे हैं।
निगोही रोड उपकेंद्र के पुलिस लाइन फीडर पर चार सौ केवीए ट्रांसफॉर्मर से एक फेस आने पर लोगों ने उपकेंद्र पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। रात करीब 12 बजे कर्मचारी पहुंचे और कार्य शुरू किया। सवा तीन बजे आपूर्ति को बहाल कर सके। बिजली जाने से उपभोक्ता गर्मी में बेहाल हो गए। उनके इंवर्टर डाउन हो गए। उन्हें छत पर रात काटना पड़ी। सुबह सात बजे चिनौर फीडर पर ट्रिपिंग आ गई। कर्मियों ने बाईबाग कॉलोनी का जंपर खोलकर चिनौर की लाइन शुरू करा दिया। दो घंटे के बाद फॉल्ट को दूर किया।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति काफी ज्यादा खराब है। गांवों में लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। फेस नहीं आने की समस्या अधिकतर गांवों में बनी है। इसी तरह लो-वोल्टेज की वजह से इलेक्ट्रानिक उपकरण तक नहीं चल पा रहे हैं।
गरेली फीडर ओवरलोड होने से दो दर्जन गांवों में बिजली संकट
परौर। गरेली फीडर आए दिन ओवरलोड होने से उससे जुड़े कटरी क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों के लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। ट्रिपिंग से बार-बार बत्ती गुल होने और आपूर्ति के समय पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने से फसलों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है। कुंडलिया निवासी पुष्पेंद्र कुमार गुप्ता, विनोद गुप्ता, राजा भैया, पच देवरिया के मानवेंद्र सिंह आदि ने बताया कि 24 घटे में बमुश्किल दो-तीन घंटे बिजली मिल रही है। लाइनमैन नन्हें खां के अनुसार फीडर पर विद्युत भार कम करने के लिए प्रयास हो रहे हैं। संवाद