कांट। 15 बीघा जमीन न मिलने से नाराज वर वक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। समझाने का प्रयास करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर आने पर पुलिस ने वर समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव की महिला ने थाने में तहरीर दी। बताया कि उसकी बेटी की शादी लगभग चार माह पूर्व थाना रामचंद्र मिशन के रौसर कोठी के मुकुल के साथ तय हुई थी। मुकुल, उसका दोस्त बच्चूलाल, बहनोई अभिषेक, मां माधुरी, मौसी रेनू, मौसा ओमपाल ने बेटी को पसंद कर रिश्ता तय किया था।
15 दिसंबर, 2024 को मुकुल के घर पर जाकर सगाई की रस्म अदा की गई। वर को 21 हजार रुपये दिए। इसके बाद वर व वधू में फोन पर बातचीत भी होने लगी। शादी की तैयारियों के लिए दो लाख रुपये व डेढ़ लाख के जेवर दिए थे। आरोप है कि मार्च में वर की मां का फोन आया और 15 बीघा जमीन का बैनामा मुकुल के नाम करने का दबाव बनाया।
कहा कि ऐसा न करने पर रिश्ता तोड़ देंगे।। इसके बाद वर पक्ष के लोग उनके घर गए और समझाने का प्रयास करते हुए बताया कि उनकी संपत्ति चार बेटियों में बंट जाएगी। इस पर मुकुल, मनोज, बच्चूलाल, अवनीश, मंजू, माधुरी आदि ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।