शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार की रहने वाली शिक्षिका की मौत के मामले में उसके माता-पिता ने आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहे हैं। शिक्षिका के पिता बोले-अगर इंसाफ नहीं मिला तो आत्मदाह कर लेंगे।
शिक्षिका की मां ने पुलिस को बताया कि छह माह पूर्व उनकी बेटी ने उन्हें बताया था कि वह एक युवक से शादी करना चाहती है। इसके बाद उस युवक के परिवार वालों से मुलाकात की। उन लोगों ने कार व आभूषण की मांग की। इस पर असमर्थता जताई। इसके बाद भी युवक बेटी से मिलता-जुलता रहा।
बेटी ने कई बार उस युवक को रुपये दिए। बेटी ने अपनी बड़ी बहन को फोन कर बताया कि युवक से शादी कर ली है। अब वह दहेज की मांग कर रहा है। इससे बेटी काफी परेशान थी। 12 फरवरी को बेटी की युवक से कहासुनी हुई थी। दूसरे दिन बेटी कमरे में फंदे से लटकी मिली। आरोप है कि युवक ने उसकी संपत्ति को हड़पने की नीयत से षड्यंत्र कर बेटी को शादी के जाल में फंसाया, फिर उसकी वीडियो बनाई। परेशान होकर बेटी ने आत्महत्या कर ली।
इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि विवेचना चल रही है। तथ्य व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।