शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परिषद ने वेबसाइट पर विद्यालयों की भौतिक स्थिति को अपलोड करने की तिथि दस नवंबर रखी है। डीआईओएस ने कार्य को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड परीक्षा को देखते हुए शिक्षा विभाग ने जीओ टैगिंग का कार्य पहले ही पूर्ण करा लिया था। जीओ टैगिंग ही ऑनलाइन केंद्र बनने का आधार बनती है। परिषद से बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी होने के बाद सेंटर निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडियट की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया से परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। केंद्राें के निर्धारण के लिए विद्यालयों की अवस्थापना संबंधी भौतिक संसाधन युक्त सुविधाओं व आधारभूत सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर दस नवंबर तक प्रधानाचार्य को अपलोड करना है।
उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए विद्यालयों की अवस्थापना संबधी भौतिक संसाधन युक्त सूचनाएं समय से लोड करा दें। उन्होंने बताया कि परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की गई सूचनाओं व जीओ लोकेशन का भौतिक सत्यापन डीएम से गठित तहसील स्तरीय समिति से 17 नवंबर तक कराई जाए।