अभिव्यक्ति नाट्य मंच के बैनर तले काकोरी कांड के महानायकों की स्मृति में 16 दिसंबर से चार दिवसीय अखिल भारतीय नाट्य एवं नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों के संबंध में आयोजक मंडल ने मीडिया को जानकारी दी।
महासचिव शमीम आजाद ने बताया कि शाहजहांपुर रंग महोत्सव के नाम से अमर शहीदों की स्मृति में 19 दिसंबर तक चलने वाले अखिल भारतीय नाटक, लोक नृत्य और शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में देश के लगभग 30 दलों के आने की संभावना है। मुख्य रूप से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, बिहार, राजस्थान, आसाम, मणिपुर, गुजरात, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, कर्नाटक आदि प्रदेशों से टीमों के आने की स्वीकृति मिल चुकी है। प्रतियोगिता का आयोजन गांधी भवन में किया जाएगा, जबकि टीमों के आवास और भोजन की व्यवस्था बाबा विश्वनाथ यात्री निवास में रहेगी। अंतिम दिन अर्थात 19 दिसंबर (शहीद दिवस) को शहर में रंगयात्रा निकाली जाएगी। रात में पुरस्कार वितरण समारोह गांधी भवन मेें होगा।
टीमों को पुरस्कार के साथ इनामी राशि भी प्रदान की जाएगी। नृत्य प्रतियोगिता को जूनियर और सीनियर वर्ग में बांटा जाएगा। इस अवसर पर सुनीता कठेरिया, संजय राठौर, सौरभ अग्निहोत्री, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, अजय मोहन शुक्ला, विनीत सिंह, संजय डोनाल्ड सिंह, अरविंद चोला, अतीक रहमान, पवन सिंह, संजीव गुप्ता, मोहम्मद इरफान मौजूद रहे।