शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग की जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारी शुरू कर दी गई है। खेलकूद में 50 से अधिक टीमें प्रतिभाग करेंगी। इसमें विभिन्न स्पर्धाएं होंगी। बेहतर खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तर के लिए किया जाएगा।
जनपदीय खेलकूद का आयोजन हथौड़ा स्थित परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में होता रहा है। वर्तमान में स्टेडियम का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में आयोजक के सामने संकट खड़ा हो गया। ऐसे में अब बड़े मैदान के लिए ओसीएफ का स्वर्ण जयंती स्टेडियम को फाइनल किया गया है।
क्रीड़ा सचिव रामकुमार ने बताया कि सात व आठ अक्तूबर को रैली प्रस्तावित है। आयोजन में 50 से ज्यादा टीमें आने की संभावना है। खेलकूद में दौड़, भाला फेंक, चक्का फेंक समेत विभिन्न स्पर्धाएं होंगी। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। स्कूलों से भी पत्राचार किया गया है।