राजकीय इंटर कॉलेज में प्रश्न पत्रों को लेते स्कूलों के प्रतिनिधि। संवाद
शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले प्री बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज से तहसील तिलहर के स्कूलाें के लिए प्रश्नपत्रों के बंडलों का वितरण किया गया। दो दिन में हाईस्कूल के 112 और इंटरमीडियट के 80 स्कूलों को प्रश्नपत्रों के बंडल बांटे गए।
माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित होने वाली परीक्षा 18 फरवरी से होगी। बोर्ड परीक्षा से पहले ही आठ जनवरी से प्री बोर्ड परीक्षा को कराया जाएगा। प्री बोर्ड को रिजर्व प्रश्नपत्रों के जरिये कराया जाएगा। प्रश्नपत्रों के बंडलों के वितरण के लिए डीआईओएस ने तहसीलवार दिन तय किया था। बुधवार को तिलहर तहसील के स्कूलों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर प्रश्नपत्रों के बंडलों को प्राप्त किया।
जीआईसी के प्रधानाचार्य अनिल सिंह ने बताया कि प्री-बोर्ड के जरिये छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा का अनुभव मिलेगा। इससे वह और बेहतर तैयारी कर परीक्षा को दे सकेंगे। संवाद