निगोही। पुवायां मार्ग की एक राइस मिल के मैदान पर चल रहे निगोही प्रीमियर लीग (एनपीएल) टूर्नामेंट के पांचवें चक्र का पहला मैच बुधवार को निगोही टाइटंस ओर निगोही इंडियन के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में टाइटंस ने इंडियंस को मात्र तीन रन से हराकर मैच जीत लिया। मैच में विजेता टीम के रवि श्रीवास्तव को शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले, टाइटंस के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 147 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया। इसमें रनों का सर्वाधिक योगदान रवि श्रीवास्तव का रहा। उन्होंने 52 गेंद पर सात चौकों और सात छक्कों की मदद से अविजित रहते हुए 91 रनों की पारी खेली। निगोही इंडियंस के लिए अंकित प्रजापति ने तीन और रोडा ने दो विकेट लिए। बाद में 148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडियंस की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर सिर्फ 144 रन ही बना सकी। इस तरह टाइटंस ने तीन रन से मैच अपने नाम कर लिया।
इंडियंस की ओर से शोएब खान ने नाबाद 44 रन और मुनव्वर ने 23 रन बनाए। टाइटंस के लिए लिए अमित राठौर ने तीन और सुधीर सिंह ने दो विकेट लिए। मैच में स्कोरिंग अजीम ने, कमेंट्री दीपू, डॉ. जैद खां और अप्पन सिंह ने और अंपायरिंग आकिब और बाबू ने की। इस दौरान एनपीएल के चेयरमैन नदीम रजा खां, शाहिद हुसैन, राजेश सिंह, परवेज खां आदि मौजूद रहे।
अनुज की गेंदबाजी से जीती फरीद अकादमी
शाहजहांपुर। मयूर स्पोर्टिंग के तत्वावधान में चल रहे लीग टूर्नामेंट में फरीद अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी व गेंदबाजी करते हुए शाहजहांपुर वॉरियर्स को 73 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। अनुज ने छह विकेट चटकाए।
जीएफ कॉलेज के मैदान पर फरीद अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 165 रन बनाए। अभिनव ने छह चौकों की मदद से 73 रन बनाएं। हर्ष ने 28 और फराज ने 30 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉरियर्स की टीम 20 ओवर खेलकर मात्र 92 रन ही बना सकी। फरीद अकादमी के गेंदबाज अनुज सक्सेना ने छह विकेट हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायर रिजवान व स्कोरर मयूर खन्ना थे। आयोजक मयूर के अनुसार बृहस्पतिवार को रॉयल स्टार व रिजवान स्पोर्टिंग के मध्य मैच खेला जाएगा। संवाद
एलीट विंटर कप : एसएससीए ने ईसीए रेड को 58 रनों से हराया
शाहजहांपुर। एसएस कॉलेज में एलीट विंटर कप (अंडर–16 व अंडर–14 वर्ग) की बुधवार से शुरुआत हो गई। उद्घाटन मैच में एसएससीए ने ईसीए रेड को 58 रन से हरा दिया। एसएससीए के बल्लेबाज अमन और जयवीर ने शानदार पारी खेली।
कॉलेज के मैदान पर एसएससीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया। टीम ने निर्धारित 30 ओवर में आठ विकेट खोकर 188 रन बनाए। बल्लेबाज अमन मिश्रा ने 31 गेंदों पर 41 रनों की पारी खेली। जयवीर सिंह ने 31 गेंदों पर 41 रन जोड़े। ईसीए टीम के गेंदबाज रोहित, वरुण, अंशुल ने दो-दो, आरव, अभिनव ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईसीए रेड की टीम 29.3 ओवर में 130 रन बनाकर आउट हो गई। अभिनव ने 58 गेंदों पर संघर्षपूर्ण 30 रन बनाए। दिव्यांश ने 48 गेंदें खेली, पर वह 15 रन ही जोड़ पाए। एसएससीए की ओर से दीपक ने तीन, कृपांक, अमन, मोनू और राजन ने एक-एक विकेट हासिल किया।
इससे पहले उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य आनंद पाठक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया। मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन करने पर दीपक को मैन ऑफ द मैच, जुझारू पारी के लिए अभिनव को फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अंपायरिंग दीपांशु, अमित और अभिषेक ने की। स्कोरिंग की जिम्मेदारी एंजेल और सिद्धार्थ ने संभाली। अंश, पवन और सतेंद्र ने कमेंट्री सुनाई। इस मौके पर मनोज यादव, सौरव, हर्षवर्धन, दीपांशु, कुलदीप आदि मौजूद रहे। संवाद