शाहजहांपुर। बरेली में हुए बवाल के बाद जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस ने सतर्कता बरती। मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। मस्जिदों में नमाज से पहले तकरीर में मुल्क में अमनो-अमान और मुसलमानाें की हिफाजत की दुआ की गई।
पिछले शुक्रवार को बरेली में उपद्रव के बाद जिले में प्रत्येक थाने की पुलिस सुबह से ही सक्रिय कर दी गई थी। एलआईयू ने भी अपने नेटवर्क को सक्रिय कर दिया। मस्जिदों के बाहर एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात की गई। दोपहर 12 बजे से मस्जिदों में नमाज का सिलसिला शुरू हुआ।
खुत्बे से पहले मस्जिद के इमामों ने तकरीर की और लोगों को समझाया, साथ ही अमन बनाए रखने के लिए दुआ की गई। एसपी राजेश द्विवेदी ने एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, सीओ सिटी पंकज पंत के साथ गाड़ियों से रूट मार्च किया।
जामा मस्जिद में व्यवस्था देखने के बाद उनका काफिला पुलिस बल के साथ विभिन्न मार्गों से गुजरा। वहीं, दूसरी ओर एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण ने सीओ पुवायां प्रवीण मलिक और इंस्पेक्टर सिंधौली रवींद्र सिंह के साथ भ्रमण किया।
कोरोकुइयां की गौसिया मस्जिद पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था देखी। गत दिनों शहर में माहौल खराब होने पर इसी गांव के तीन लोगों पर सौहार्द खराब करने की योजना बनाते हुए शांतिभंग में कार्रवाई की गई थी।
एसपी ने नागरिकों से शांतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखने और त्योहारों को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन करें, साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कटरा : मस्जिदों के बाहर तैनात रही पुलिस
मीरानपुर कटरा। बरेली में हुए बवाल को देखते हुए जुमे की नमाज के दौरान पुलिस अलर्ट रही। शुक्रवार को नगर की सभी मस्जिदों के बाहर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई। तिलहर सीओ ज्योति यादव ने इंस्पेक्टर जुगलकिशोर पाल के साथ पैदल गश्त की।