गांव टकेली में प्रवीण के घर दुख जताने पहुंची गांव की महिलाएं और रिश्तेदार। संवाद
पुवायां (शाहजहांपुर)। पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर सड़क हादसे में मां और बेटे सहित जान गंवाने वाले प्रवीण के शव पोस्टमॉर्टम के बाद शुक्रवार शाम को घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। बाद में बेहद गमगीन माहौल में तीनोंं का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुवायां के गांव टकेली निवासी निवासी 35 वर्षीय प्रवीण कुमार की बहन पीलीभीत के गांव गुलड़िया निवासी कुंती देवी के यहां आठ दिन पूर्व पौत्र का जन्म हुआ था जिसकी मौत हो गई थी। प्रवीण अपनी मां 60 वर्षीय सुशीला देवी और 12 वर्षीय पुत्र यश के साथ बाइक से बहन कुंती देवी के घर दुख जताने गांव गुलड़िया गए थे।
वापस घर आते समय पीलीभीत के थाना बीसलपुर क्षेत्र में दियोरिया कलां रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर प्रवीण की बाइक में लग गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर पहुंचे तो गांव के तमाम लोग प्रवीण के घर पहुंचे और रोती-बिलखती पत्नी आरती और आठ वर्षीय पुत्री सोनम को सांत्वना दी। प्रवीण की पत्नी, पुत्री का करुण क्रंदन सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंख भर आईं। शाम को प्रवीण, प्रवीण की मां का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुत्र को दफनाया गया।