परौर (शाहजहांपुर)। यहां के एक गांव के पिछड़ी जाति के एक गांव के युवक ने प्रधान के पति पर रंजिश के चलते पीटने और जूते में पेशाब भरकर पिलाने का आरोप लगाया है। दो दिन बाद सोमवार को युवक सामने आया। पीड़ित की पत्नी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने सीओ जलालाबाद को जांच साैंपी है। फिलहाल पुलिस पेशाब पिलाए जाने की बात से इन्कार कर रही है।
महिला ने पुलिस को बताया कि 14 नवंबर की सुबह नौ बजे प्रधान के पति ने गोशाला से गाय खोल दीं और उन्हें उनके घर की ओर भगा दिया। एक गाय घर में घुस गई। इसे लेकर उनके पति ने प्रधान के पति से नाराजगी जताई। आरोप है कि प्रधान के पति ने उनके पति के साथ गाली-गलौज की। कहा कि हम गायों को छुट्टा ही रखेंगे, तुम मेरा कुछ नहीं कर पाओगे।
तब पति ने हेल्पलाइन नंबर 1076 पर गायों को गोशाला से छोड़ने की शिकायत दर्ज कराई। पीआरवी ने मौके पर पहुंचकर मामले को रफा-दफा कर दिया। महिला के अनुसार, दूसरे दिन 15 नवंबर की शाम चार बजे उनके पति खेत पर आलू लगा रहे थे। इस बीच प्रधान का पति कई लोगाें के साथ लाठी-डंडें लेकर खेत पर आया और जमकर पीटा। यही नहीं पति को जूते में पेशाब भरकर पिलाई। बचाने पर उसके साथ छेड़खानी की और जमीन पर पटक दिया। इससे उसे व उसके पति को काफी चोटें आई हैं। घटना के बाद थाने जाते समय भी आरोपियों ने रास्ते में घेरकर गालियां दी। मारपीट में घायल होने पर युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
मामला संज्ञान में आया था। विवाद की सूचना के बाद पीआरवी मौके पर गई थी। वादी की पत्नी के बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग की थी। उसे सिर्फ विवाद की बात कही गई थी, पेशाब पिलाने की नहीं। सीओ की जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-राजेश द्विवेदी, एसपी