शाहजहांपुर। मुस्लिम समाज के हजारों लोग शुक्रवार को डासना मंदिर के महंत स्वामी यति नरसिंहानंद की पैगंबर साहब पर की गई टिप्पणी के विरोध में सड़क पर उतर आए। इससे जाम लग गया। करीब आधा घंटे तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। प्रदर्शनकारी मौके पर पहुंचे एसपी एस आनंद को ज्ञापन देने के बाद वापस हुए।
शुक्रवार को दोपहर एक बजे से ही हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग चौक कोतवाली क्षेत्र में स्थित जामा मस्जिद में एकत्र होने लगे। दोपहर ठीक डेढ़ बजे मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ी गई। नमाज के खत्म होते ही मस्जिद से लोगों का हुजूम नारेबाजी करता हुआ निकल पड़ा और सड़क पर आ गया। कुछ ही देर में दूसरा हुजूम मस्जिद के अंदर से निकलकर उसी दिशा में चल दिया, जिधर आगे वाले लोग गए थे। इस बीच एसपी एस आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार, एसपी सिटी संजय कुमार और सीओ सिटी प्रवीण यादव मौके पर पहुंचे। एसपी एस आनंद ने ज्ञापन लिया।
ज्ञापन लेने के बाद एसपी एस आनंद वहां से चले गए। ज्ञापन शहर इमाम हुजूर अहमद मंजरी, जामा मस्जिद अध्यक्ष तारिक अली खां और ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष राहत अली खां के नेतृत्व में दिया गया। ज्ञापन में यति नरसिंहानंद के खिलाफ भावनाओं को ठेस पहुंचाने का जिम्मेदार ठहराते हुए एफआईआर दर्ज कर एनएसए की कार्रवाई कर गिरफ्तार करने की मांग की गई। इधर, लोगों ने करीब आधे घंटे तक सड़क पर जाम लगाए रखा। बाद में धीरे-धीरे भीड़ छंट गई।
प्रदर्शन व ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से ईदगाह गदियाना के इमाम हाफिज अनीस अत्तारी, जामा मस्जिद के सेक्रेटरी मोअज्जम अली, अफाक अली खां, मोहम्मद नसीम खां, अनीस रजा खां, सैय्यद कासिम खां, अहसान रजा खां, मोहम्मद कलीम आदि शामिल रहे।
फेल हुई सुरक्षा व्यवस्था, धक्कामुक्की का शिकार हुए अधिकारी
शुक्रवार को जामा मस्जिद में हजारों लोग एकत्र हो गए और सड़क पर निकल कर प्रदर्शन किया। जिनको रोकने की हिम्मत पुलिस और जिला प्रशासन नहीं कर सका। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारियों को धक्कामुक्की का सामना करना पड़ा। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद नहीं था। कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन भी नहीं हुआ।
गर्रा फाटक से कनौजिया तिराहे तक लगा जाम
जुमे की नमाज के बाद सड़क पर आ गए लोगों से करीब आधे घंटे तक गर्रा फाटक से कनौजिया तिराहे तक सड़क पर जाम लगा रहा। प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन देने के बाद जाम खुला तब यातायात सुचारू हो सकी। जाम लगने के बाद पुलिस ने कनौजिया तिराहे और राजघाट चौकी से जाने वाले वाहनों को दूसरे रास्ते की ओर मोड़ दिया। अचानक ट्रैफिक डायवर्जन करने से कई बार वाहन चालकों की सिपाहियों और होमगार्डों से झड़प भी हुई। ज्ञापन लेने के लिए जामा मस्जिद पहुंचे एसपी एस आनंद भीड़ बढ़ने और अव्यवस्था होने पर नाराज दिखे। एसपी सिटी संजय कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार मौके पर पहुंचे थे जिन्होंने जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पर्याप्त पुलिस बल नजर नहीं आया। पुलिस की मौजूदगी कम होने और इंतजाम नाकाफी होने पर पुलिस अधिकारियों ने नाराजगी जताई। संवाद
शाहजहांपुर में जुलूस निकालते मुस्लिम समाज के लोगों को आगे बढ़ने से रोकती पुलिस। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR