शाहजहांपुर। कांट में मेन रोड के किनारे की कुछ दुकानों पर पुलिस द्वारा ताले डाले जाने के मामले मेें अधिकारियों से फरियाद करने पर भी राहत नहीं मिली तो वहां के दुकानदारों को साथ लेकर सर्व समाज हिताय मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को खिरनीबाग जीआईसी ग्राउंड के सामने बीएसए आफिस के पास प्रदर्शन कर धरना दिया। बाद मेें उनका शिष्टमंडल मोर्चा के अध्यक्ष मोहम्मद नबी के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट वनिता सिंह से मिला और उन्हें डीएम के नाम ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि कांट में बंद दुकानों के ताले खुलवाने के लिए गत 26 जुलाई को ज्ञापन दिया गया, लेकिन आश्वासन के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह अनिवार्य बाल शिक्षा अधिनियम का उल्लंघन कर गरीब बच्चों के स्कूल में प्रवेश को लेकर तक्षशिला पब्लिक स्कूल में मनमानी किए जाने पर 30 जुलाई और तीन अगस्त को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन बीएसए के स्तर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन को बाध्य होना पड़ा। जल्द उचित कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। धरना-प्रदर्शन में ब्रजेश दीक्षित, प्रमोद पांडेय, अजीम रजा, इकबाल हुसैन, राधा, रामबेटी, असलम, सियाराम आदि शामिल रहे।