शाहजहांपुर में गाेविंदगंज उपकेंद्र पर पैनल में काम करता कर्मचारी। संवाद
शाहजहांपुर। शहर के गोविंदगंज उपकेंद्र पर मंगलवार को जर्जर पीसीबी पैनल बदलने के चलते सात हजार घरों की बिजली आपूर्ति करीब आठ घंटे तक बंद रही। कड़ाके की सर्दी में बिजली नहीं आने से लोगों के घरों व प्रतिष्ठान में ब्लोअर और हीटर नहीं चल सके। इसके चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वर्षों पहले गोविंदगंज उपकेंद्र पर लगाए गए पैनल जर्जर हो गए थे। गर्मी में थोड़ा लोड बढ़ने पर पैनल में खराबी आ जाती थी। इसके चलते आरडीएसएस योजना के तहत नया पैनल लगाने का प्रस्ताव रखा गया। पैनल उपलब्ध होने पर गर्मी में कार्य कराने की तैयारी थी, लेकिन उपभोक्ताओं के हित को देखते हुए कार्य नहीं कराया गया।
मंगलवार को दोपहर 12:20 बजे शटडाउन लेकर कार्य शुरू कराया गया। एसडीओ रवीश पांडेय व जेई कफील अहमद की निगरानी में पुराने पैनल को हटाकर नए लगाने का कार्य शुरू किया गया। इस अवधि में टाउनहॉल, डीएम कंपाउंड समेत कई फीडराें के सात हजार उपभोक्ताओं के घरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बिजली नहीं आने से लोग परेशान रहे। उनके घरों और दुकानों में हीटर और ब्लोअर नहीं चल सके। उनके इंवर्टर भी डाउन हो गए। तब उपकेंद्र पर कॉल करना शुरू किया गया। जेई ने बताया कि पैनल लगने से गर्मी में उपभोक्ताओं को दुश्वारियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।