कांट में अपने सामने नाले को जेसीबी से उखड़वाते विधायक अरविंद सिंह। संवाद
कांट। मदनापुर मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास बनाए जा रहे नाले में घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल देख विधायक अरविंद कुमार सिंह नाराज हो गए। उन्होंने नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नूरजहां और अवर अभियंता को मौके पर बुला लिया। उन्होंने अपने सामने नाले का निर्माण कार्य रुकवाने के साथ ही नगर पंचायत की जेसीबी से नवनिर्मित नाला तुड़वा दिया।
इन दिनों मदनापुर मार्ग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक करीब नौ लाख रुपये की लागत से 450 मीटर लंबे नाले का निर्माण हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मानकों की अनदेखी कर नाला निर्माण में दोयम दर्जे की पीली ईंट और घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
इस बारे में ईओ को भी अवगत कराया गया, लेकिन उन्होंने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। मंगलवार को यहां से गुजर रहे विधायक अरविंद सिंह से शिकायत की, तो वह मौके पर पहुंच गए। विधायक ने नाले का जायजा लेकर नागरिकाें की शिकायत सही पाई, तो ईओ और जेई को मौके पर तलब करके उनसे नाला निर्माण में ईंट समेत अन्य घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। बाद में विधायक की मंशा के अनुसार ईओ ने जेसीबी से नवनिर्मित नाला ध्वस्त करा दिया।
इस मामले में विधायक ने ईओ से संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में सभी विकास कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कराए जाएं, अन्यथा जिम्मेदारों पर शासन से कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। ईओ ने बताया कि नाले का घटिया निर्माण कराने के लिए ठेकेदार को नोटिस भेजकर उसका जवाब तलब किया गया है।