कांट। विद्युत उपकेंद्र पर ओवरलोडिंग के कारण इनकमिंग पैनल में आग लग गई। आग लगने से कस्बे समेत ग्रामीण इलाके के करीब दस हजार घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब डेढ़ घंटे के बाद आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे इनकमिंग पैनल में लपटें निकलने के बाद लाइन ट्रिप हो गई। इससे कस्बे के मोहल्लों समेत ग्रामीण इलाकों की बिजली चली गई। क्षेत्र में ब्लैकआउट हो गया। बिजली जाने से लोग परेशान हो उठे। लोगों ने उपकेंद्र पर कॉल करना शुरू किया। वहां से भी कोई सटीक जवाब नहीं दिया गया। दूसरी ओर कर्मचारियों ने तेजी से काम को शुरू कराया। पैनल को ठीक कर जैसे-तैसे डेढ़ घंटे के बाद आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।
जर्जर खंभा बदलने के कारण अजीजगंज फीडर तीन घंटे बंद
शाहजहांपुर। जर्जर बिजली खंभे को हटाकर नया खंभा लगाने के कार्य के चलते शुक्रवार को अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के अजीजगंज फीडर की बिजली आपूर्ति करीब तीन घंटे तक बाधित रही। इस दौरान क्षेत्र के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विद्युत निगम ने पार्षद की शिकायत पर पुराने और जर्जर 11 केवीए खंभे को हटाने के लिए दोपहर बाद दो बजे शट डाउन लेकर कार्य शुरू कराया। इसके चलते अजीजगंज फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। कर्मचारियों ने खंभे को किनारे कर दूसरे खंभे को लगाकर आपूर्ति शुरू की। तीन घंटे तक बिजली ठप रही।
बहादुरगंज उपकेंद्र के तहत तारीन टिकली क्षेत्र में 11 केवीए लाइन के खंभे की मरम्मत कराई गई। इसके चलते सुबह करीब 7:30 बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इससे पचराहा स्थित 630 केवीए ट्रांसफाॅर्मर से जुड़े करीब 500 उपभोक्ताओं को बिजली के लिए इंतजार करना पड़ा। संवाद
ककरा में राजेश ने संभाला चार्ज
विद्युत वितरण निगम ने ककरा उपकेंद्र के जेई अमित श्रीवास्तव का तबादला कांट उपकेंद्र पर कर दिया है। वह बीमार होने के कारण अभी चिकित्सीय अवकाश पर चल रहे हैं। जबकि कांट से राजेश सैनी को ककरा उपकेंद्र की जिम्मेदारी दी है। यह जानकारी अधिशासी अभियंता नगर आरपी सिंह ने दी।
तीन शिफ्टों में ड्यूटी करेंगे कर्मचारी
बहादुरगंज उपकेंद्र में कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई जाएगी। इसके तहत सुबह आठ से चार बजे तक छह सदस्यीय टीम कार्य करेंगी। इसी तरह चार से 12 बजे तक दूसरे कर्मियाें की ड्यूटी लगाई है। रात 12 से सुबह आठ बजे तक दो-दो कर्मी तैनात रहेंगे। इसके लिए प्रत्येक दिन के हिसाब से कर्मियों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाई है। एसडीओ आदर्श राज ने बताया कि प्रत्येक कर्मी को एक सप्ताह तक निर्धारित प्रारूप के अनुसार ड्यूटी करना होगी।
मरम्मत कार्य के चलते बिजली आपूर्ति बंद रही थी। कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई। अन्य फॉल्ट भी समय से कर्मियों ने सही कर दिए।
-आरपी सिंह, अधिशासी अभियंता
-
मीटर बाइपास और कटिया डालकर बिजली चोरी, छह के खिलाफ रिपोर्ट
शाहजहांपुर। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस और विद्युत निगम की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए छह लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा। सभी के खिलाफ बिजली चोरी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विजिलेंस टीम को पुवायां क्षेत्र के गांव भटियुरा निवासी दिनेश चंद्र के घर जांच के दौरान खंभे से सीधे केबल जोड़कर मीटर बाइपास कर बिजली चोरी होती मिली। इसी गांव के रामबाबू के घर भी मीटर बाइपास कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। विजिलेंस टीम ने जलालनगर निवासी शरीफ के यहां छापा मारा। जांच में एक किलोवाट के कनेक्शन पर अतिरिक्त तार डालकर 8.296 किलोवाट विद्युत भार का अवैध उपयोग करते हुए पकड़ा गया।
वहीं ककरा उपकेंद्र के जेई अमित श्रीवास्तव ने मामूड़ी निवासी साहिल के खिलाफ एंटी थेफ्ट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि अतिरिक्त तार डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। अल्हागंज उपकेंद्र के जेई बृजमोहन ने गांव मंथा पश्चिमी निवासी नत्थू को सीधे लाइन जोड़कर बिजली जलाते पकड़ा। इसके अलावा इस्लामगंज निवासी राजेश और साहबगंज निवासी धनदेवी के यहां भी अवैध रूप से बिजली चोरी मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।