शाहजहांपुर। रिवैंप योजना में 164 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी जिले की बिजली लाइनें सामान्य आंधी में तेज हवाओं के झोंके नहीं रोक पाईं। आंधी के चलते शहर से लेकर देहात तक फॉल्ट होने से बिजली गुल हो गई। इससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
वर्ष 2023 में रिवैंप योजना के तहत जिले में बिजली नेटवर्क को सुधारने के लिए खुले तारों के स्थान पर बंच लाइन डालने, तार बदलने और जर्जर खंभों को बदलने का कार्य शुरू किया गया। प्रारंभ में कार्य को धीमी गति से कराया गया। बिजली निगम के अफसरों का दावा है कि शहरी क्षेत्र में कार्य को पूर्ण कर लिया गया जबकि ग्रामीण इलाकों में ट्यूबवेल और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए अलग से फीडर बनाने का कार्य चल रहा है।
बावजूद इसके रिवैंप का कार्य पूर्ण होने के बाद भी बिजली नेटवर्क बदहाल है। शुक्रवार और शनिवार को आई हल्की आंधी ने बिजली निगम के किए गए कार्यों की पोल खोलकर रख दी। आंधी में कई जगहों पर फॉल्ट होने से लोगों को घंटों बिजली के लिए इंतजार करना पड़ा। कई स्थानों पर रविवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
बता दें कि नगरीय क्षेत्र में बिजली के खंभे अब भी झुके हुए हैं। एमनजई जलालनगर में निसरजई मोहल्ले में कई खंभे जर्जर होने के कारण नीचे की ओर झुक गए। एसपी कॉलेज के पास बंच लाइन लटक रही है। मशीनरी मार्केट में खुले तारों को लकड़ी बांधकर रोका गया है। झंडाकलां के आगे शराब की दुकान के सामने तारों के मकड़जाल से आएदिन चिंगारी निकलती रहती हैं। तारीन टिकली में ट्रांसफॉर्मर के पास भी यही स्थिति है।
-
बिजली कटौती ने किया बुरा हाल
रिवैंप योजना का काम शहर में पूरा होने का दावा किया जा रहा है, जबकि स्थिति काफी बदहाल है। शनिवार रात करीब दस बजे आई तेज आंधी के दौरान चिनौर उपकेंद्र का डबल स्टोरी फीडर बंद हो गया। इसके चलते पूरी रात लोगों को बिजली नहीं मिली। उपभोक्ताओं के घरों के इन्वर्टर भी डाउन हो गए। सुबह करीब साढ़े दस बजे बिजली आई। इसी तरह हथौड़ा उपकेंद्र के लोधीपुर में फॉल्ट आने से बिजली गुल हो गई। निगोही रोड उपकेंद्र पर भी आंधी के चलते करीब डेढ़ घंटे तक बिजली नदारद रही। इसी तरह सिंधौली उपकेंद्र के गांव बड़ावन में बारापुर फीडर की बिजली भी कई घंटों तक गुल रही। बंडा विद्युत उपकेंद्र के गांव देवकली में शुक्रवार की रात 12 बजे गायब हुई बिजली पूरी रात नहीं आई। अगले दिन भी मौसम खराब होने से फॉल्ट होने से लोग परेशान रहे। गोविंदगंज, बहादुरगंज, सिटी पार्क, हथौड़ा समेत तमाम उपकेंद्रों पर फॉल्ट आने से बिजली गुल हुई।
बिजली निगम ने परेशान कर दिया है। स्मार्ट मीटर से बिजली ऑटो कट हो रही है। वहीं, जरा-सी तेज हवा चलने पर बिजली गुल होने से परेशान होना पड़ता है।
- फैज खान
जिले में रिवैंप योजना के तहत कार्य होने से उम्मीद थी कि फॉल्ट नहीं होंगे, लेकिन हल्की आंधी चलने से बिजली नेटवर्क ध्वस्त हो गया। कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाए।
-गौरव त्रिपाठी
-
रिवैंप योजना के तहत पूर्व में कार्यदायी संस्था यूनिवर्सल संस्था ने अपना कार्य पूर्ण कर लिया है। इसी योजना में नया टेंडर कर दूसरी फर्म को कार्य दिया गया है। वह फर्म फीडरों में गांव व उपभोक्ताओं की लाइन बनाने का कार्य कर रही है। 21 में चार फीडर बन गए हैं।
- अनुज प्रताप सिंह, एसई बिजली निगम
बारिश से गेहूं, मसूर की फसल को नुकसान, गन्ने को लाभ
शाहजहांपुर/पुवायां। शनिवार शाम से रात तक चली तेज हवाओं के साथ बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि ज्यादा बारिश नहीं हुई। मौसम साफ होने पर किसानों ने राहत की सांस ली है। इसके विपरीत गन्ने की फसल को फायदा हुआ है।
क्षेत्र में इस समय गेहूं की कटाई जाेरों पर है। कंबाइन मशीनों के दूसरे जिलों में गेहूं कटाई के लिए जाने पर क्षेत्र में रह गई कंबाइन मशीन स्वामियों के पास रोजाना कई किसान गेहूं कटवाने पहुंच रहे हैं। कुछ किसान थ्रेशर से भूसा बनवाते हैं, वे हाथ से कटाई कर रहे हैं। शनिवार शाम मौसम खराब होने से किसान परेशान हो गए और बारिश न होने की प्रार्थना करने लगे। रात करीब नौ बजे बारिश शुरू हो गई लेकिन कुछ ही देर बाद बाद बंद हो गई। इसके बाद मौसम साफ हो गया। पुवायां में बारिश कम हुई, जबकि खुटार में ज्यादा बारिश हुई है।
हलकी बारिश से खड़े गेहूं में नुकसान कम हुआ है, लेकिन कुछ दिन पहले हुई बारिश और तेज हवा से गेहूं की जो फसल गिर गई थी, उसके सड़ने का खतरा है। इससे उपज पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। किसान रामाधार तिवारी, रामचंद्र, राजेश कुमार आदि ने बताया कि सबसे ज्यादा डर ओलावृष्टि का था। ओले गिरते तो गेहूं की पकी बाली टूटकर नीचे गिर जाती और नुकसान हो जाता। किसानों ने बताया कि दस दिन मौसम साफ रहा तो गेहूं की कटाई पूरी हो जाएगी। बारिश से मसूर आदि की फसल में भी नुकसान हुआ है।
जिला कृषि अधिकारी विकास शर्मा ने बताया कि तेज हवा से गेहूं की फसल बिछने और बारिश से नमी मिलने से फंगस लगने का खतरा रहता है। किसान जल्द से जल्द अपनी पकी फसल काट लें। गेहूं में नुकसान की आशंका है। मक्के और गन्ने की फसल को बारिश से लाभ होगा। संवाद
रोजा मंडी में भीग गया दो सौ क्विंटल गेहूं
रोजा। मंडी समिति में शनिवार रात हुई बारिश में सिंधौली के गांव रक्शा निवासी निखिल पांडेय का करीब दो सौ क्विंटल गेहूं भीग गया। निखिल ने बताया कि शुक्रवार को गेहूं लेकर क्रय केंद्र पर आए थे लेकिन तौल नहीं की गई। केंद्र प्रभारी ने कहा कि अभी गेहूं की तौल करने का आदेश नहीं आया हैं और न ही बोरे (बारदाना) मौजूद हैं। ऐसे में किसान क्रय केंद्र पर ही अपने गेहूं की रखवाली कर रहा है। संवाद
सदर बाजार में लटकते बिजली के तार। संवाद
सदर बाजार में लटकते बिजली के तार। संवाद
सदर बाजार में लटकते बिजली के तार। संवाद
सदर बाजार में लटकते बिजली के तार। संवाद
सदर बाजार में लटकते बिजली के तार। संवाद
सदर बाजार में लटकते बिजली के तार। संवाद