रोजा पॉवर सप्लाई कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों ने आर्थिक शोषण किए जाने के विरोध में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम के नाम सिटी मजिस्ट्रेट विजय शंकर दुबे को ज्ञापन देकर कंपनी से सरकारी नियमों के अनुसार वेतन तथा अन्य भत्ते दिलाने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों का नेतृत्व करते हुए सुशील कुमार ने कहा कि कंपनी प्रबंधन ठेका प्रथा को बढ़ावा देकर कर्मचारियों को शोषण की राह पर धकेल रहा है। प्रबंध तंत्र न तो सरकारी नियमों को मान रहा है और न ही फैक्ट्री एक्ट में निहित लाभ देने को तैयार है। अवकाश के दिनों में काम करने वाले श्रमिकों को नियमानुसार वेतन नहीं दिया जा रहा है। ज्ञापन में राजपत्रित अवकाशों के अतिरिक्त अवशेष वेतन व पीएफ का भुगतान कराने, शासन से स्वीकृत मेडिकल लीव सुविधा देने, कर्मचारी की आकस्मिक मृत्यु होने पर सक्षम आश्रित को नौकरी के साथ पत्नी को पारिवारिक पेंशन लाभ देने, कर्मचारियों की नियुक्ति ठेकेदारों के बजाय सीधे साक्षात्कार के माध्यम से किए जाने आदि मांगों का उल्लेख है। प्रदर्शन में अवधेश राठौर, राजेश कुमार, शिवदीश, अमित कुमार, विमलेश कुमार, अजय पाल, राम प्रताप, लालाराम, चंद्रमोहन, कामता प्रसाद आदि शामिल रहे।