जैतीपुर। अमईपुर सड़ा गांव में दो महीने पहले आंधी से टूटे बिजली के आठ खंभे अब तक नहीं लगाए गए हैं। इससे कृषि लाइन की बिजली आपूर्ति ठप है और किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं।
विज्ञापन
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। शनिवार को ग्रामीण शिकायत लेकर जैतीपुर बिजली उपकेंद्र पहुंचे, लेकिन अवर अभियंता के न मिलने पर उन्हें लौटना पड़ा।
हर्षित मिश्रा, बड़काई सिंह बुधपाल, रामनिवास, भूराज सिंह, गुड्डू, नरवीर, सुभाष सिंह और कुंवरपाल ने बताया कि बिजली न मिलने से गेहूं की बोआई में देरी हो सकती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। उन्होंने जल्द खंभे लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। एसडीओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही किसानों की समस्या का समाधान कराया जाएगा। संवाद