मीरानपुर कटरा। इस्लामनगर फीडर पर मंगलवार की रात करीब आठ इनकमिंग ट्रॉली का वैक्यूम फट जाने से चार मोहल्लों में 23 घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। भीषण गर्मी में पूरी रात और बुधवार को दिन भर विद्युत आपूर्ति ठप रहने से लोग खासे परेशान हुए। शाम को बिजली आने से राहत मिली।
इनकमिंग ट्राॅली का वैक्यूम फटने से इस्लामनगर के अलावा कायस्थान, नादिरशाह और मुगलान मोहल्ले के घरों में अंधेरा छा गया। हालांकि, विद्युत निगम के कर्मचारी वीरेंद्र कुमार, शिवम आदि रात से ही खराबी दूर करने में जुट गए, लेकिन मरम्मत कार्य बुधवार को शाम छह बजे तक चला और शाम 6.45 बजे से आपूर्ति बहाल हो सकी।
एसडीओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इस्लामनगर मोहल्ले की इनकमिंग ट्रॉली का वैक्यूम बदलकर शाम को बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है। संवाद
-
टूटे खंभे नहीं लगने से तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप
जैतीपुर। तेज आंधी में बझेड़ा भगवानपुर गांव में दो खंभे टूटने के कारण सोमवार की शाम को आपूर्ति गुल हो गई थी। उन्हें बुधवार तक नहीं लगाया जा सका। इसके चलते भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे। गांव के राजाराम, रामनिवास, धनपाल, खुशीराम, विमलेश आदि ने बिजली व्यवस्था सही कराने की मांग की है। जेई अजीत कुमार ने बताया कि जल्द खंभे लगवाए जाएंगे। संवाद
बंच लाइन जलने से बिजली आपूर्ति बाधित
शाहजहांपुर। भीषण गर्मी के कारण शहर में कई जगहों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही। बुधवार को निगोही रोड उपकेंद्र के सुजात खां की पुलिया के पास मरम्मत का कार्य किया गया। इस कारण तारीन जलालनगर की बिजली आपूर्ति सुबह नौ से 11 बजे तक बंद रही। निगोही के गांव मदारीपुर में 10 जून से लाइट नहीं आई। यहां के खंभे टूटे पड़े हैं। वहीं दूसरी ओर खंभों के उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका।