शाहजहांपुर। तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग में इजाफा होने से फॉल्ट बढ़ गए हैं। बुधवार को अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के ब्रेकर में खराबी आ गई। दूसरी ओर हथौड़ा उपकेंद्र टू फेस होने से लोगों को जूझना पड़ा।
पूर्वाह्न करीब 11 बजे अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के ब्रेकर में फॉल्ट आने के बाद आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली जाने से सारे फीडर बंद हो गए। भीषण गर्मी में कटौती होने के कारण लोग परेशान हो गए। उन्हेांने उपकेंद्र पर कॉल करना शुरू कर दी। दूसरी ओर जेई ने फॉल्ट को तलाश कराना शुरू किया। करीब दो घंटे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
इसी तरह हथौड़ा उपकेंद्र में टू फेसिंग की समस्या होने से बिजली ठप रही। हालांकि, लाइन आधे घंटे के बाद सही कर ली गई। बहादुरगंज उपकेंद्र पर कई जगह पर फॉल्ट आने पर शटडाउन लेकर कार्य कराया गया।
बिजली बचाने की अपील
खुदागंज। भीषण गर्मी के चलते बिजली की खपत में लगातार बढ़ोतरी होने पर विद्युत निगम के जेई अमित चौधरी ने लोगों से बिजली बचाने की अपील की। उन्होंने बताया कि अत्यधिक लोड के कारण रात के समय फाॅल्ट हो रहे हैं। अधिक जरूरत होने पर ही घरेलू विद्युत उपकरणों का प्रयोग करें। भारी लोड वाले उपकरणों को एक साथ नहीं चलाएं। संवाद
दिन में दस से दो बजे तक बंद रहेगी बिजली आपूर्ति
पुवायां। गंगसरा उपकेंद्र पर टेस्टिंग के चलते बिजली आपूर्ति सुबह दस बजे से दो बजे तक बंद रहेगी। एसडीओ हरेंद्र कुमार ने यह जानकारी देते हुए बिजली उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। संवाद